मप्र में आमिर खान व एयू बैंक कस्टमर का ऑडियो वायरल, कस्टमर ने कहा देश को असहिष्णु बताने वाले से ऐड कराते है, पहले विज्ञापन से हटाए तभी बैंक के साथ रुपए इन्वेस्ट करेंगे
रतलाम. मध्यप्रदेश के रतलाम में निजी क्षेत्र के एयू बैंक का ऐड आमिर खान से कराने पर कस्टमर की नाराजगी का ऑडियो वायरल हो रहा है। एक कस्टमर ने इस ऐड के कारण बैंक से किसी प्रकार से लेनदेन करने से मना कर दिया। बैंककर्मी और कस्टमर का 10 मिनट का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल आया है। बैंककर्मी ने कस्टमर को एफडी के लिए फोन लगाया था। कस्टमर ने कहा- आपके 90 प्रतिशत कस्टमर हिंदू हैं, पैसा हमारा है तो अघोषित दुश्मन से विज्ञापन क्यों? कस्टमर ने कहा कि विज्ञापन में महिला हिंदू और पुरुष मुस्लिम क्यों लिया गया? जब तक विज्ञापन में आमिर खान है, वह लेनदेन नहीं करेगा। बैंक आकर लिखित में खाता बंद करने की वजह बताएगा।
कस्टमर राजकुमार पांचाल उज्जैन का रहने वाला बताया गया है। उसका रतलाम के एयू बैंक में खाता है। उसने बैंक से कार भी फाइनेंस कराई है। बैंक कर्मी ने राखी से पहले उसे फोन पर एफडी करवाने के संबंध में पूछा। इस पर राजकुमार ने कहा कि आप ग्राहकों के पैसों से ऐसे व्यक्ति से बैंक का विज्ञापन करवा रहे हैं, जिन्हें इस देश में असहिष्णुता नजर आती है। उसके परिवार और बीवी को यहां खतरा नजर आता है। देश की छवि खराब करने वाले व्यक्ति को पहले विज्ञापन से हटाया जाना चाहिए तभी वह बैंक के साथ रुपए इन्वेस्ट करेंगे।
वायरल ऑडियो की कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बैंक के कर्मचारियों से फोन पर हुई इस तरह की बातचीत होने की पुष्टि एयू बैंक के अफसरों ने की है। नाम न छापने की शर्त बैंक अधिकारी ने बताया कि ग्राहक की आपत्ति की जानकारी बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है।

