मप्र में अब रात 10 बजे तक खुलेंगे बाजार, सिनेमाघर 50 प्रतिशत व रेस्टोरेंट्स 100 प्रतिशत के साथ शुरू होंगे
भोपाल. मध्य प्रदेश में कोरोना नियंत्रण में होने पर सीएम शिवराज सिंह ने पाबंदियों में ज्यादा छूट दे दी है, अब बाजार रात 10 बजे तक खुलेंगे, सिनेमाघर भी 50 प्रतिशत क्षमता के साथ चालू हो जाएंगे सरकार ने यह निर्णय सोमवार शाम को कोरोना की समीक्षा बैठक के बाद लिया है।
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति नियंत्रण में है। इस स्थिति को देखते हुए राज्य शासन ने कुछ और गतिविधियों में छूट देने का निर्णय लिया है। अब शादी विवाह में अधिकतम 100 व्यक्ति और अंतिम संस्कार में 50 व्यक्ति सम्मिलित हो सकेंगे। रेस्टोरेंट अब शत-प्रतिशत क्षमता से संचालित किये जा सकेंगे और बाजार रात 10 बजे तक खुले रहेंगे
तीसरी लहर से सतर्क रहने की जरूरत- सीएम शिवराज सिंह
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण को लेकर सतर्कता आवश्यक है। दक्षिणी और पूर्वोत्तर राज्यों में केस बढ़ रहे है। केरल और महाराष्ट्र में संक्रमण कम नहीं हो रहा है। अगस्त में केस बढ़ने का पूर्वानुमान है, जिलों के प्रभारी मंत्री और अधिकारी सतर्कता व सक्रियता बनाए रखें। कोविड गाइडलाइन का पालन करने के लिए जनता को प्रेरित किया जाए। कोरोना संक्रमण पर सतर्कता के लिए प्रदेश में जारी जीनोम सिक्वेंसिंग की जानकारी भी बैठक में दी गई।
भोपाल-इंदौर पर ज्यादा फोकस
सीएम ने कहा है कि कोरोना संक्रमण के लिए भोपाल और इंदौर पर विशेष नजर रखी जाए। इन शहरों में अन्य राज्यों से आवाजाही ज्यादा है। भोपाल-इंदौर से राज्य के अन्य जिलों में भी पर्यपत आवागमन रहता है। प्रदेश में रविवार को कोरोना के 18 संक्रमित मरीज मिले है। इसमें से 8 भोपाल, 3 इंदौर, 2 जबलपुर और नीमच, राजगढ़, सागर, शिवपुरी व सिंगरौली के 1-1 मरीज मिले है।

