मध्यप्रदेश सरकार का राउंड फिगर
ग्वालियर. प्रदेश सरकार का हिसाब अब राउंड फिगर में होगा। उसने अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की वृद्धि के आदेश में इसका जिक्र किया है। इस हिसाब से सरकार अपने कर्मचारियों को जो भुगतान करेगी उसमें पैसे नहीं होंगे। इसके लिए पैसों की गणना कुछ तरह होगी कि पचास पैसे या उससे अधिक पैसे को ऊपर के रुपए में पूर्णांक (राउंड फिगर) किया जाएगा। यदि पचास पैसे से कम होंगे तो उसको छोड़ दिया जाएगा यानी नीचे के पूर्णांक में रुपए की गिनती होगी। प्रदेश सरकार ने मार्च में महंगाई भत्ता 11 प्रतिशत बढ़ाकर इसे 31 प्रतिशत कर दिया है। प्रदेश सरकार के पौने चार लाख कर्मचारियों को महंगाई भत्ता का लाभ मिलेगा। इस आदेश में महंगाई भत्ते के भुगतान में पैसों की गणना को रुपए में करने का स्पष्ट उल्लेख है।
केंद्र सरकार पहले ही राउंड फिगर में
केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को छठे वेतनमान और महंगाई भत्ते का भुगतान राउंड फिगर में करने का आदेश दिया था। इस तरह मध्यप्रदेश से पहले यह व्यवस्था केंद्र सरकार कर चुकी है। इसलिए पैसों को ऊपर या नीचे के रुपए में गणना कर भुगतान किया जा रहा है।

