मंत्री अरबिंद भदौरिया को मंत्रिमंडल से बाहर करो शिवराजसिंह-कांग्रेस
भोपाल. कांग्रेस ने भोपाल के बिल्डर राघवेन्द्रसिंह तोमर और व्यापारी पीयूष गुप्ता पर जारी इनकम टैक्स की कार्यवाही पर सरकार को घेरा है। शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में पत्रकारवार्ता में कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए सीएम शिवराजसिंह चौहान से कैबिनेट मंत्री अरबिंद भदौरिया को मंत्रिमंडल से तत्काल हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि मंत्री अरबिंद भदौरिया और बिल्डर के रिश्तों की जांच होनी चाहिये, मगर इस पर बीजेपी और सरकार मौन क्यों?
कंग्रेस ने फेथ बिल्डर के चेयरमैन राघवेन्द्रसिंह तोमर और अन्य मंत्रियों और अधिकारियों के संबंधों की जांच कराने की मांग भी की हैं। कांग्रेस ने बीजेपी से पूछा कि क्या कारण है इतने बड़े आयकर छापों के बाद बीजेपी और उसके जिम्मेदार तमाम नेता मौन धारण किये हुए हैं, कुछ बोलने को तैयार नहीं है? मंत्री अरबिंद भदौरिया कह रहे हैं कि मैं सिर्फ राघवेन्द्रसिंह तोमर को पहचानता हूं, मेरा उनसे कोई रिश्ता नहीं हैं। जबकि उनके निकट संबंध व रिश्ते के कई प्रमाण मौजूद हैं और वह किसी से छिपे नहीं हैं।
करोड़ों की काली कमाई सामने आ रही है, जो इनके यहां निवेश की गई
भोपाल में दो प्रमुख बिल्डर राघवेंद्र सिंह तोमर और पीयूष गुप्ता पर पड़े आयकर छापों के बाद जिस प्रकार से करोड़ों की बेनामी संपत्ति व करोड़ों की काली कमाई की बातें सामने आ रही है, उससे यह साफ रूप से स्पष्ट हो रहा है कि प्रदेश के मंत्रियों व बड़े अफसरों की भ्रष्टाचार की काली कमाई कहीं ना कहीं इनके यहां पर निवेश की गई थी। बिल्डरों को किस का राजनैतिक संरक्षण रहा, कौन-कौन मंत्री और कौन-कौन बड़े अधिकारी से इनकी नजदीकियां थी और उनका इनके पास निवेश था, इन सब बातों की सरकार को जांच करा कर उन पर कार्रवाई करना चाहिए।

