भिंड में 3 लोगों की गोली मारकर हत्या, चुनावी रंजिश में ताबड़तोड़ फायरिंग
भिंड. चुनावी रंजिश में एक बार फिर खूनी खेल खेला गया। एक पक्ष ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई। तीनों लोग खेत पर जा रहे थे, इसी दौरान इन पर हमला कर किया गया। घटना के बाद घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे परिजनों को वहां BMO नहीं मिले। इससे नाराज लोगों ने उनके घर पर जाकर पथराव कर दिया। गांव में पुलिस फोर्स तैनात है। मामला मेहगांव थाना क्षेत्र का है।

घटना में 3 लोगों की मौत हो गई
जानकारी के मुताबिक यहां के पचेरा गांव में बंटी शर्मा पूर्व सरपंच और उनके पड़ोसी हाकिम सिंह त्यागी की तरफ से सरपंच पद के प्रत्याशी के समर्थन को लेकर चुनावी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि पूर्व सरपंच बंटी शर्मा के समर्थकों ने रविवार की दोपहर खेत पर जा रहे हाकिम सिंह, गुल्लू और पिंकू नाम के लोगों को घेर लिया और फिर उन पर जमकर गोलियां चलाई। इस घटना में तीनों लोगों की मौत हो गई। मृतकों में हाकिम सिंह (55) पुत्र कैलाश नारायण त्यागी, पिंकू (35) पुत्र हरगोविंद त्यागी, गोलू (24) पुत्र महेश त्यागी निवासी पचैरा शामिल है। मृतक के परिजन रामवीर त्यागी बताया कि फायरिंग के दौरान पूर्व सरपंच के समर्थक करीब एक दर्जन की संख्या में थे, जिन्होंने गोली मारकर हत्या की है। इधर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि पचेरा गांव में विवाद में तीन लोगों की मौत हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
गांव में दहशत का माहौल
3 लोगों की हत्या किए जाने के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। गांव में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर है। 2 दर्जन से अधिक पुलिस बल गांव में तैनात हो गया है। मृतकों के घरों पर नाते रिश्तेदार व समर्थकों का जमावड़ा लगा है। इधर पुलिस ने तीनों मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मेहगांव बीएमओ के घर पथराव
बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद तीनों घायलों को परिवार वाले मेहगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां बीएमओ डॉ. मनीष शर्मा नहीं मिले। इस पर आक्रोशित लोग बीएमओ के घर पहुंच गए और पथराव शुरू कर दिया। हालांकि अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डाॅ. प्रेम सिंह गुर्जर का कहना था कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दो लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं, तीसरे युवक की बाद में मौत होना बताया जा रहा है। बता दें कि बीएमओ के परिवार वाले ग्वालियर रहते हैं। वे यहां अकेले ही रहते हैं। परिवार वाले आते-जाते रहते हैं।

