भारतीय रेलवे सोमवार से स्लीपर क्लास के टिकट पर एसी कोच में करें सफर, देखें किराया सहित अन्य डिटेल
नई दिल्ली. रेल में सफर करने वालों के लिये अच्छी खबर है। दरअसल, भारतीय रेलवे का संचालन आज से शुरू हो रहा है। टेªन नम्बर 02403/02404 प्रयागराज-जयपुर-प्रयागराज डेली स्पेशल एक्सप्रेस में आज से सस्ते एसी3 टियर इकोनॉमी कोच का संचालन शुरू हो रहा है। नये एसी कोच में कंवेंशनल एसी थ्री टियर कोच में 72 की जगह 83 सीट है। रेलवे ने बताया कि इन कोचों में किराया भी सामान्य एसी थ्री टियर कोच से कम होगा।
स्लीपर क्लास के यात्रियों के लिये सुविधाजनक
उत्तर रेलवे के जनरल मैनेजर आशुतोष गंगल ने बताया कि स्लीपर क्लास के यात्रियों को एसी कोच की और आकर्षित करने के लिये नये एसी 3 टियर इकोनॉमी क्लास के कोच तैयार किये गये हैं। इसका मकसद उन लोगों को एसी सफर का अवसर उपलब्ध करवाना है जो अभी तक महंगे किराये के डर से इन कोचों में टिकट बुक नहीं करवाते थे। इन नये एसी3 टियर इकोनॉमी क्लास में किराया एसी 3 कोच से 8 से 10 प्रतिशत कम होगा।
नए कोच में जोड़े गए कई फीचर्स
उन्होंने बताया कि नए AC3 इकोनॉमी कोच (AC3 Economy Class) में कई सारे फीचर्स जोड़े गए हैं। इन नए कोचों में 2 सीटों के बीच के गैप को कम कर दिया गया है। अभी तक सभी किसी एक कोच में अधिकतम 72 सीटें होती हैं लेकिन AC3 इकोनॉमी कोच में बर्थ की संख्या 83 की गई है। जनरल मैनेजर आशुतोष गंगल के मुताबिक इन बदलावों से रेलवे की कमाई बढ़ जाएगी। वहीं किराये में कमी होने से यात्रियों को भी इसका फायदा होगा। उन्होंने कहा कि अभी AC फर्स्ट क्लास, सेकंड क्लास और थर्ड क्लास के कोच में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
वॉश बेसिन के डिजाइन भी बदले
कोरोना महामारी को देखते हुए वॉश बेसिन के डिजाइन में भी बदलाव किया गया है। आप पैर के सहारे भी बटन को पुश करके नल चलाकर वॉश बेसिन में हैंड वॉश कर सकते है। दिव्यांगों के लिहाज से सहूलियत भरे टॉयलेट डिजाइन किए गए है। स्मोक डिटेक्टर और इंफॉर्मेशन डिस्प्ले बोर्ड की व्यवस्था कर कोच के इंटीरियर को बेहतर बनाया गया है।

