भाजपा का दावेदारों को निर्देश, चुनाव लड़ना है तो जमा करो 10 हजार
ग्वालियर. भारतीय जनता पार्टी पार्षद चुनाव के संभावित प्रत्याशियों से समर्पण निधि जमा करा रही है। भाजपा कार्यालय मुखर्जी भवन में संभावित दावेदार बायोडेटा के साथ 10 हजार रुपए जमा कराए जा रहे हैं। इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ग्वालियर भाजपा के जिलाध्यक्ष दावेदार का बायोडाटा देख रहे हैं और उनके पास बैठा शख्स हाथ में रुपए लिया हुआ है। वहीं एक कार्यकर्ता कह रहा है कि, पहले पैसे जमा करने होंगे, उसके बाद ही दावेदारी दर्ज करने के लिए एंट्री की जाएगी। अगर आप रसीद कट्टा लेकर जाते हो तो बायोडेटा और रसीद साथ में जमा कर सकते हैं।
दावेदारों से ली जा रही राशि के संबंध में भाजपा का कहना है कि, ये समर्पण निधि है और पार्टी अपने कार्यकर्ताओं से समर्पण निधि जुटा रही है। इसी वजह से पार्षद पद के संभावित दावेदारों से भी 10-10 हजार रुपए लिए जा रहे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस की ओर से भी भाजपा पर तंज कसा गया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा ने भाजपा की इस व्यवस्था पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि, पार्टी स्तर पर इसकी पड़ताल की जा रही है। अगर सबूत मिलता तो चुनाव आयोग को भी इसकी शिकायत करेंगे।

