पैरा कमांडो के लिए ग्वालियर-जबलपुर से 53 अग्निवीर सिलेक्ट
ग्वालियर. पैरा कमांडो (स्पेशल कमांडो) के चयन के लिए मुरार कैंट भर्ती कार्यालय में शारीरिक परीक्षण किया गया। मुरार स्थित सेना की छावनी में आधी रात को अग्निवीर सेवा में चयनित अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। बता दें कि देश के लिए बड़े और गोपनीय अभियानों, जैसे सर्जिकल स्ट्राइक आदि की जिम्मेदारी पैरा कमांडो के कंधों पर होती है। ग्वालियर में रात हुए चयन में ग्वालियर जोन से 33 और जबलपुर से 20 अग्निवीर पैरा कमांडो के लिए चयनित हुए हैं। ये अग्निवीर जल्द ही विशेष प्रशिक्षण के लिए भेजे जाएंगे, जिसमें पैराशूट जंपिंग सहित अन्य विशेष ट्रेनिंग शामिल होगी।
ग्वालियर और जबलपुर में अग्निवीर भर्ती परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को स्पेशल पैरा कमांडो भर्ती के लिए बुलाया गया था। कमांडो परीक्षण के लिए ग्वालियर से 99 और जबलपुर से 90 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। कुल 189 अग्निवीरों को बुलाया गया, जिनमें से ग्वालियर जोन के 95 और जबलपुर के 57 अभ्यर्थी पैरा कमांडो परीक्षा के लिए ग्वालियर पहुंचे थे। इन अभ्यर्थियों में से ग्वालियर के 33 और जबलपुर के 20 अभ्यर्थी पैरा कमांडो के लिए हुए परीक्षण में सफल रहे।
भारतीय सेना में पैरा कमांडो की भर्ती परीक्षा में शामिल होने का अवसर ग्वालियर और चंबल अंचल सहित प्रदेश के 13 जिलों के उन युवाओं को मिला, जिन्होंने हाल ही में भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसी बीच पैरा कमांडो की भर्ती भी आ गई। इसके चलते उन अभ्यर्थियों को मौका दिया गया, जिन्होंने शारीरिक प्रवीणता परीक्षा में 100 अंक और लिखित परीक्षा में 50 अंक हासिल किए थे।

