पीथमपुर में यूनियन कर्बाइड का कचरा जलाना शुरू, 3 चरणों में नष्ट किया जायेगा, 10 टन है कचरा
इंदौर. पीथमपुर के तारपुरा गांव में रामकी एनवायरों फैक्ट्री में यूनियन कार्बाइड का जहरीला कचरा जलाना शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार की दोपहर लगभग 3 बजे कचरा भस्मक में डाला गया है। इंसीनेटर का तापमान अभी 900 डिग्री है। दूसरे चरण में 1100 से 1200 डिग्री तापमान पर कचरा जलेगा। इसके बाद तीसरी चरण में इसे गैस फ्लू ड्रायर में डाला जायेगा। यहां कचरे को पानी और सोडियम सल्फाइड के घोल से गुजारेंगे। केमीकल के छन जाने के बाद राख को सुरक्षित जमीन में दफन कर दिया जायेगा।
MP प्रदूषण बोर्ड के अधिकारी रहे मौजूद
फैक्ट्री के इंसीनेटर में पहले ट्रायल रन में 10 टन कचरा नष्ट किया जायेगा। मौके पर एमपी प्रदूषण बोर्ड के अधिकारी, धार कलेक्टर प्रियंका मिश्रा, एसपी मनोज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें। स्वास्थ्य विभाग की टीम के 2 एक्सपर्ट डॉक्टरों के साथ कंपनी परिसर के बाहर है।
फैक्ट्री परिसर के भीतर स्पेशल आर्म्ड फोर्स के 130 जवान तैनात है। कैम्पस के बाहर डीएसपी रैंक के अधिकारी मौजूद है। आसपास के सभी रास्तों की नाकाबंदी की गयी है। बिना पूछताछ किसी को भी कम्पनी परिसर से के पास जाने की इजाजत नहीं है। वहीं पीथमपुर शहर में इन्दौर देहात और धार जिले के 24 थािनों के पुलिस कर्मी सुरक्षा-व्यवस्था संभाल रहे हैं। लगभग 650 जवान शहर के अलग-अलग चौराहों, कॉलोनियों और तारपुरा गांव में मौजूद है। 10 से अधिक गाडि़यां शहर भर में गश्त कर रही है।
कांग्रेस डराने का काम कर रही-सीएम बोले
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा- यूनियन कार्बाइड के कचरे को लेकर सरकार कोर्ट का बहाना बना रही है। इसके पीछे उनके नेताओं के आर्थिक हित छिपे थे। मैं स्थानीय नेताओं और प्रशासन को चुनौती देता हूं कि रामकी कंपनी के आस-पास के 10 किलोमीटर के भू-जल की जांच की जाए अगर उसमें कैंसर के तत्व नहीं मिलेंगे तो मैं सार्वजनिक माफी मांगूगा। इस पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने पलटवार किया- भोपाल में 10 लाख से ज्यादा लोग यूनियन कार्बाइड के कारण मारे गए थे। इसमें कांग्रेस के तत्कालीन प्रशासन की लापरवाही थी। उन्होंने एक तरफ भोपाल को मरने के लिए छोड़ दिया था, दूसरी तरफ अब डराने का काम कर रहे हैं। माफी तो उन्हें मांगनी ही चाहिए।
मौके की कुछ तस्वीरें…









