तानसेन समारोह के साथ रसिकों को पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण करायें – श्री सक्सेना
स्टेक होल्डर की मीट का हुआ आयोजन
ग्वालियर तानसेन समारोह को जोड़कर ग्वालियर क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस सिलसिले में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा बुधवार को “तानसेन समारोह के दौरान ग्वालियर एवं उसके आसपास के विभिन्न पर्यटन सर्किटों का विकास और संवर्धन” विषय पर संभाग आयुक्त आशीष सक्सेना की अध्यक्षता में पर्यटन से जुड़े स्टेक होल्डर की मीट का आयोजन किया गया। श्री सक्सेना ने मीट में कहा कि पर्यटकों व संगीत रसिकों को तानसेन समारोह का आनंद दिलाने के साथ-साथ ग्वालियर व आसपास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी करायें।
पर्यटक तानसेन समारोह के साथ-साथ ग्वालियर के प्रमुख पर्यटन स्थलों सहित मितावली, पढ़ावली, शिवपुरी, चंदेरी व अशोकनगर इत्यादि पर्यटन स्थलों का आनंद ले सकें। उन्होंने मीट में भाग लेने आए संभाग के सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पर्यटन विकास निगम और टूर ऑपरेटर्स द्वारा तैयार किए गए टूरिज्म पैकेज के बारे में अपने – अपने जिले के पर्यटन प्रेमियों और संगीत रसिकों को जानकारी दें, जिससे तानसेन समारोह का प्रमोशन हो, साथ ही क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
स्मार्ट सिटी की सीईओ ने स्टेक होल्डर को बताए ग्वालियर के आकर्षण
स्मार्ट सिटी की सीईओ श्रीमती जयति सिंह ने ग्वालियर के पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तानसेन समारोह के दौरान पर्यटन प्रेमियों व संगीत रसिकों को महाराज बाड़ा की ऐतिहासिक इमारतों की फसाड़ लाइटिंग, डिजिटल म्यूजियम, सेंट्रल लाइब्रेरी, प्रस्तावित अटल म्यूजियम कटोराताल के म्यूजिकल फाउण्टेन सहित शहर के अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जा सकता है।
तैयार किए हैं आकर्षक टूरिज्म पैकेज
पर्यटन विकास निगम की उपसंचालक श्रीमती दीपिका राय चौधरी ने मीट में जानकारी दी कि तानसेन समारोह को जोड़ते हुए मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने पर्यटकों के लिये आकर्षक टूरिज्म पैकेज तैयार किए हैं। स्थानीय टूर ऑपरेटर्स भी इन टूरिज्म पैकेज को अपना सकते हैं। उन्होंने बताया कि “मीडिएवल स्पलेण्डर (मध्ययुगीन वैभव)” पैकेज अत्यंत खास है। चार रात और पाँच दिन के इस पैकेज में तानसेन समारोह एवं ग्वालियर, शिवपुरी, चंदेरी, ओरछा क्षेत्र के पर्यटन स्थलों का भ्रमण शामिल है। इसी तरह “ज्वैल्स ऑफ द रेवाएन्स” पैकेज के तहत चंबल घड़ियाल सेंचुरी, मितावली, पढ़ावली व बटेश्वर तथा ग्वालियर शहर के पर्यटन स्थल और तानसेन समारोह को शामिल किया गया है। तीसरे अन्य पैकेज में हैरीटेज वॉक, म्यूजिकल वॉक व फूड वॉक शामिल है।
तानसेन समारोह के दौरान निकलेगी “कला यात्रा”, श्रेष्ठ दल को मिलेंगे नगद पुरस्कार
तानसेन समारोह की पूर्व संध्या पर यानि 25 दिसम्बर को किलागेट के साथ-साथ महाराज बाड़ा से भी कला यात्रा निकलेगी। इसमें ग्वालियर सहित चंबल संभाग के सभी जिलों के कला जत्था शामिल होंगे। तानसेन समारोह एवं क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित हुई मीट में संभाग आयुक्त आशीष सक्सेना की पहल पर श्रेष्ठ कला यात्रा के लिये नगद पुरस्कार देने का निर्णय लिया गया। ग्वालियर नगर निगम द्वारा कला यात्रा में ग्वालियर एवं चंबल संभाग के सभी जिलों के दल शामिल होंगे। नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल ने बताया कि जिले के श्रेष्ठ दल को 50 हजार रूपए का नगद पुरस्कार दिया जायेगा। इसी तरह तीन लोकल बॉडी के कला दल को भी पुरस्कार दिए जायेंगे। प्रथम दल को 31 हजार, द्वितीय को 21 हजार व तृतीय स्थान पर आने वाले दल को 11 हजार रूपए का पुरस्कार नगर निगम द्वारा दिया जायेगा।

