जोधपुर में दो समुदायों के बीच झड़प,मौके पर 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
जोधपुर. एक महीने बाद एक बार फिर सांप्रदायिक हिंसा की सूचना सामने आई है। दो गुटों में झड़प के बाद पथराव हुआ और मौके पर धारा 144 लगा दिया गया। यहां भारी पुलिस फोर्स तैनात है। जोधपुर कमिश्नर नवज्योति गोगोई से बात की, गोगोई ने कहा कि पथराव और हिंसा की खबरों से इनकार किया और बताया कि यहां दो गुटों के बीच मामूली झड़प हुई थी। इसमें 2 लोग घायल हुए है जिसमें एक की स्थिति गंभीर है और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। वहीं 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी मौके पर तैनात किए गए है।
क्या है पूरा मामला
जोधपुर कमिश्नर नवज्योति गोगोई ने बताया कि जोधपुर शहर के बेहद संवेदनशील माने जाने वाले सूरसागर क्षेत्र में मंगलवार रात दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। यहां राजाराम सर्किल पर एक समुदाय के दो लोगों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। दूसरे समुदाय के व्यक्ति को बीच-बचाव करना भारी पड़ गया। दूसरे समुदाय के लोगों ने बीच-बचाव करने गए व्यक्ति पर हमला बोल दिया इसके बाद मामले ने दो समुदाय के बीच झगड़े का रूप ले लिया। जोधपुर में इससे पहले भी पिछले महीने रामनवमी और ईद के दिन दो समुदाय के लोग के बीच झड़प हो चुकी है।
मामले ने पकड़ा तूल
पुलिस के अनुसार, राजाराम सर्किल पर एक समुदाय का व्यक्ति शराब पीकर उत्पात मचा रहा था। इस दौरान उसी समुदाय के कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वहां बैठे पानी कैंपर सप्लाई करने वाले युवक ने छुड़ाने का प्रयास किया। इसके बाद दूसरे समुदाय के लोगों ने शराबी को छोड़ उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए।

