जीडी भर्ती आरक्षक परीक्षा 2023 में फर्जीवाडा-परीक्षा से पूर्व और बाद में आधार में कराया था बॉयोमैट्रिक चेंज और फोटो मिसमैच में पकड़े गये अभ्यार्थी
ग्वालियर. आरक्षक जीडी भर्ती परीक्षा 2023 लिखित परीक्षा में फर्जीवाड करने का एक और मामला सामने आया है। परीक्षा में मुरैना, श्योपुर और शिवपुरी के 5 अभ्यार्थियों ने अपने स्थान पर किसी अन्य से परीक्षा दिलवाई थी। इसके लिये उन्होंने परीक्षा से पहले अपना आधार कार्ड अपडेट कराया, जिसमें अपना फोटो बदलकर सॉल्वर का फोटो अपडेट कराय गया। लिखित परीक्षा होने के बाद उन्होंने फिर से आधार अपडेट कराकर फोटो पुनः चस्पा करा लिया।
हालांकि जब नियुक्ति के समय इनके आधार की हिस्ट्री चेक की तो गड़बड़ी पकड़ में आ गयी। इस आधार पर मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मण्डल से पूरा रिकॉड तलब किया गया। उसमें लिखित परीक्षा के आवेदन में फोटो और हैंड राइटिंग मिस मैच पायी गयी। जिसके बाद जांच कमेटी की शिकायत पर शनिवार को इस मामले पांचों चयनित आरक्षकों पर ग्वालियर कम्पू थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया है।
रिकॉर्ड में साइन व हैंड राइटिंग ही नहीं हुई मैच
जांच दल ने जब इन सभी पांच चयनित अभ्यर्थियों के आधार कार्ड की हिस्ट्री खंगाली तो पता लगा कि इन्होंने लिखित परीक्षा से पहले जुलाई 2023 में आधार अपडेट कराया, जिसमें फर्जी परीक्षार्थी का फोटो अपडेट कराया गया। इसके बाद अगस्त-सितंबर 2023 को लिखित परीक्षा हुई थी। लिखित परीक्षा के कुछ दिन बाद फिर से अपना आधार में बाॅयोमेट्रिक अपडेट कराया। जब इस मामले की जांच कर रही कमेटी ने मध्य प्रदेश कर्मचारी मंडल से लिखित परीक्षा से संबंधित दस्तावेज व रिकॉर्ड मंगाए तो लिखित परीक्षा में आवेदन के फोटो और अभी के फोटो मैच नहीं किए। कॉपी पर राइटिंग भी मैच नहीं की गई। जिससे साफ था कि इन्होंने आधार पर बाॅयोमैट्रिक अपडेट में साॅल्वर का फोटो अपडेट कर किसी और से परीक्षा दिलाकर धोखाधड़ी की है।
इनकी शिकायत पर हुआ मामला दर्ज
जब फर्जीवाड़ा पकड़ा गया उप निरीक्षक रघुनंदन शर्मा 14वीं वाहिनी विसबल ने कंपू थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की थी। जिस पर मुरैना के तीन, शिवपुरी व श्योपुर के एक-एक अभ्यर्थी सहित कुल पांच अभ्यर्थियों पर लिखित परीक्षा में धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस इस पूरे मामले की शिकायत करेगी।

