जिला प्रशासन ने एमके सिटी सिरोल के सामने सीलिंग की जमीन पर बनी 9 दुकानों को तोड़ा

ग्वालियर. जिला प्रशासन ने एमके सिटी सिरोल के सामने सीलिंग की जमीन पर बनी 9 दुकानों को तोड़ दिया। इन दुकानों का निर्माण कोर्ट का स्टे होने के बाद भी किया गया। इसी आधार पर प्रशासन ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान दुकान चलाने वाले लोगों ने हंगामा किया और कुछ महिलाओं ने अपनी बात कहने के लिए मौके से ही फेसबुक लाइव कर प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। एक महिला थ्रीडी मशीन के सामने भी आने लगी तो पुलिस फोर्स ने हटवाया। पुलिस को महिलाओं को रोकने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं विक्की फैक्ट्री के पास खाली पड़ी सरकारी जमीन को सुरक्षित करने के लिए ट्रैक्टर चलवाकर जोता और जमीन शासकीय होने का बोर्ड लगावाया। कुल 5 करोड़ बीस लाख की जमीन को मुक्त करने का दावा किया गया है।
SDM झांसी रोड सीबी प्रसाद के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। सिरोल MK सिटी के सामने हेतराम प्रतिहार व संतोष बाथम ने नौ दुकानों का निर्माण कराया था। इसमें छह दुकानें हेतराम ने और शेष 3 दुकानें संतोष बाथम ने बनाई थीं। यह जमीन 2002 में रुस्तम सिंह से खरीदना बताया और इसके बाद यह सीलिंग में आ गई। जमीन का यह मामला कोर्ट पहुंचा तो कोर्ट ने यथास्थिति रखने के आदेश जारी किए थे। जिला प्रशासन के अनुसार यथास्थिति के आदेश के बाद भी नौ दुकानों का निर्माण कर लिया गया। इन दुकानों में 5 दुकानें खाली थीं और शेष चार किराना स्टोर व अन्य सामग्री की संचालित थीं। कार्रवाई में पुलिस फोर्स को भी साथ रखा गया। SDM सीबी प्रसाद के साथ RI होतम सिंह व पटवारी भी उपस्थित थे।

