चिंता न करें, सब कुछ ठीक हो जायेगा, राहुल गांधी ने पुंछ में पाकिस्तानी गोलाबारी के पीडि़तों का बढ़ाया हौंसला
जम्मू. कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार की सुबह जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में पहुंचे थे। उन्होंने यहां पर इस माह की शुरूआत में पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा सीमा पार से की गयी गोलीबारी के पीडि़तों से मुलाकात की। एक कांग्रेस नेता ने बताया कि शनिवार की सुबह राहुल गांधी जम्मू हवाई अड्डे पर पहुंचे और वहां से हेलीकॉप्टर से पुंछ पहुंचे। जहां उन्होंने सीमा पार से गोलीबारी से प्रभावित इलाकों का दौरा किया और शोक संतृप्त परिवारों से मुलाकात की। कांग्रेस नेता ने यहां स्कूली बच्चों से भी बातचीत की और उसका मनोबल बढ़ाया। उनके साथ जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा भी मौजूद थे।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पुंछ के एक स्कूल का दौरा किया और सीमा पार से पाकिस्तानी गोलाबारी से प्रभावित छात्रों से बातचीत की। उन्होंने कहा है कि अब आपने खतरा और थोड़ी भयावह स्थिति देखी है। लेकिन चिंता न करें, कुछ सामान्य हो जायेगा। इस समस्या से निपटने का आपका तरीका यह होना चाहिये कि आप खूब पढ़ाई करें और खूब खेंले और स्कूल में ढेर सारे दोस्त बनाये। जम्मू कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने राहुल गांधी के पुंछ दौरे पर कहा कि सबसे ज्यादा नुकसान पुंछ में हुआ है। राहुल गांधी ने गोलीबारी से प्रभावित इलाके के लोगों से मुलाकात की और उनके घरों को हुए नुकसान का भी जायजा लिया।

