ग्वालियर में ईओडब्ल्यू सहायक शिक्षक प्रशांत की अचल संपत्ति का आकलन पीडब्ल्यूडी से कराएगी
ग्वालियर. आय से अधिक की संपत्ति के मामले में सहायक शिक्षक प्रशांत सिंह परमार व परिवार के लोगों की अचल संपत्ति का आकलन ईओडब्ल्यू अब पीडब्ल्यूडी से कराएगी। छापे के दौरान ईओडब्ल्यू को फ्लैट, जमीन, गार्डन, कालेज व स्कूल के दस्तावेज मिले थे। इसके अलावा फ्लैट में लाखों रुपये की कीमत का साज-सज्जा का सामान भी मिला था। छापे में ढाई लाख रुपये कीमत की मसाज मशीन भी मिली थी। ईओडब्ल्यू को आरोपित व पत्नी के नाम के लाकर में पौने छह सौ ग्राम सोने के गहने व डेढ़ लाख रुपये नकद मिले थे। अभी फ्रीज किए गए खातों के ट्रांजेक्शन की जानकारी आना बाकी है।
ईिओडब्ल्यू ने सहायक शिक्षक प्रशांत सिंह परमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने के बाद नौ दिन पूर्व आरोपित के अल्कापुरी स्थित सत्यम रेजीडेंसी सहित चार ठिकानों पर छापा मारा था। पड़ताल में अनुमानित 25 करोड़ की संपत्ति का पता चला था। इस दौरान ईओडब्ल्यू ने अचल संपत्ति के दस्तावेज भी जब्त किए थे। अब संपत्ति की वास्तविक कीमत जानने के लिए ईओडब्ल्यू के अधिकारी पीडब्ल्यूडी की मदद लेंगे। ईओडब्ल्यू अपने सूचना तंत्र के माध्यम से पता लगा रही है कि आरोपित की अचल संपत्ति और कहां-कहां हैं। इसका पता लगाने के लिए रजिस्टार आफिस से भी जानकारी मांगी जाएगी।

