ग्वालियर में इंडिया की जीत पर मना जश्न, तिरंगा लेकर झूमे फैंस
ग्वालियर. भारत और बांग्लादेश के बीच 3 मैच की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला भारत ने जीत लिया। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की। बांग्लादेशी टीम 128 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जवाब में भारत ने 11.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की जीत के बाद स्टेडियम से बाहर निकले फैंस तिरंगा लेकर झूमने लगे। उन्होंने इंडिया-इंडिया के नारे लगाए। 14 साल बाद श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्टेडियम में होने वाले मैच को देखने जबलपुर, छिंदवाड़ा समेत अन्य शहरों से भी लोग पहुंचे। दूसरे राज्यों से दर्शक यहां आए थे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी यहां पहुंचे। उन्होंने दर्शकों का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों के लिए यह गौरवशाली क्षण है।

दर्शकों से काली टीशर्ट स्टेडियम के बाहर ही उतरवाई
दर्शकों की एंट्री शाम 4 बजे से शुरू हो गई थी। कड़ी चेकिंग के बाद ही उन्हें स्टेडियम में जाने दिया गया। काली टीशर्ट और कैप बैन थी। कुछ दर्शक काली टीशर्ट पहनकर पहुंचे तो सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें गेट पर ही रोक लिया। जब वे दूसरी टीशर्ट पहनकर आए तब अंदर जाने दिया।

