ग्वालियर के सट्टा किंग संतोष घुरैया को 6 माह से तलाश रही पुलिस 6 घंटे भी थाने में नहीं बैठा सकी
ग्वालियर. ग्वालियर में जिस क्रिकेट सट्टा किंग संतोष घुरैया को पुलिस ने दुबई भागने से पहले दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा है। उसे 6 घंटे भी पुलिस थाने में नहीं बैठा सकी है। सिर्फ यह कहकर छोड़ दिया गया है कि पुलिस को बिना बताए वह बाहर नहीं जाएगा। पुलिस उसे 6 महीने से तलाश करने की बात कर रही है, लेकिन पुलिस की नाक के नीचे ही वह 19 जून से 25 जून तक बिजौली थाना स्थित पारसेन गांव में रहा है। यहां से उसके छोटे भाई सतेन्द्र की पत्नी ने जनपद पंचायत सदस्य के लिए चुनाव लड़ा था। बहू के लिए प्रचार किया, आसपास के गांव में घूमा और 25 जून को जीत की खबर मिलने के बाद वह गांव से निकला था। इस दौरान वह कई बार पुलिस के सामने से भी गुजरा, लेकिन पुलिस नहीं पहचान सकी।
तलाशने में लगे 6 महीने, 6 घंटे में बाहर
दुबई भागने से पहले दिल्ली से पकड़ा गया क्रिकेट सट्टा का मास्टर माइंड संतोष घुरैया को सोमवार को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने अपराध जमानती होने के कारण जमानत का निर्णय अपने स्तर पर करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने सोमवार को पूछताछ कर जमानत पर छोड़ दिया। पुलिस सटोरिए से तीन दिन तक पूछताछ करेगी। इसके लिए उसे थाने आना पड़ेगा। साथ ही पुलिस अफसरों ने उसे हिदायद दी है कि वह बिना बताए कहीं भी नहीं जाएगा। मतलब जिस सट्टा किंग को पुलिस 6 महीने से तलाश रही थी उसे 6 घंटे भी थाने में नहीं रोक सकी। इससे पहले भी जब वह डेढ़ साल पहले दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा गया था तो 4 घंटे में छूट गया था।

