ग्वालियर और मुरैना में डिप्टी जेलर के घर लोकायुक्त का छापा, आय से अधिक संपति मिली
ग्वालियर. मुरैना जेल में पदस्थ जेलर हरिओम शर्मा के घर पर शनिवार सुबह लोकायुक्त पुलिस ने छापामार कार्रवाई की है। जेलर के ग्वालियर गोला का मंदिर कृष्णा अपार्टमेंट स्थित घर और मुरैना जेल परिसर स्थित आवाज पर एक साथ लोकायुक्त की टीमें पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। उनके घर से जमीन, मकान के दस्तावेज के अलावा काफी मात्रा में आय से अधिक संपत्ति मिली है। ऐसी भी खबर है कि घर में अचानक लोकायुक्त के अफसरों को देखकर जेलर हरिओम शर्मा की सांसे फूल गईं और वह बेहोश हो गए हैं। इसके बाद तत्काल वहां डॉक्टर बुलाने पड़े। जेलर हरिओम के खिलाफ साल 2022 में आय से अधिक सम्पत्ति की शिकायत आई थी जिसके बाद लोकायुक्त की टीम ने प्लान कर यह छापा मारा है।

यह है पूरा मामला
ग्वालियर के गोला का मंदिर कृष्णा कॉलोनी के कृष्णा अपार्टमेंट B-21 निवासी हरिओम शर्मा जेलर हैं। इस समय वह मुरैना जेल में पदस्थ हैं। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार साल 2022 में एक गुमनाम शिकायतकर्ता ने जेलर के खिलाफ आय से अधिक सम्पत्ति होने की शिकायत की थी। जिसके बाद लोकायुक्त पुलिस की टीमों ने शिकायत को जांच में लेकर छानबीन शुरू की तो जेलर के पास आय से अधिक सम्पत्ति होने की पुष्टि हुई थी। उसके बाद लोकायुक्त की दो अलग-अलग टीमों ने शनिवार (28 जनवरी) को एक साथ ग्वालियर और मुरैना स्थित जेलर के आवास पर छापा मारा है। पुलिस को ग्वालियर कृष्णा अपार्टमेंट B-21 से नोटों की गडि्डयां, गोल्ड, जमीन व प्लॉट के दस्तावेज मिले हैं। जिनको लोकायुक्त ने जांचना शुरू कर दिया है। मुरैना आवाज पर छानबीन के लिए जेलर हरिओम शर्मा को लोकायुक्त की एक टीम लेकर मुरैना पहुंची है। वहां जेलर की निगरानी और बताए अनुसार दस्तावेजों की छानबीन की जा रही है। मुरैना में क्या-क्या मिला है यह पता लगाया जा रहा है।
मिलीं नोटों की गड्डी
सुबह 6 बजे जब जेलर के घर की डोर बेल बजी तो उनकी पत्नी ने दरवाजा खोला। बाहर लोकायुक्त के अफसरों ने अपना परिचय दिया और जेलर सहित सभी को एक रूम में एकत्रित कर छानबीन शुरू कर दी। इसी समय छानबीन में 500-500 रुपए के नोटों की गडि्डयां मिलना शुरू हो गई। यह देखते ही जेलर की तबीयत खराब होने लगी और वह बेहोश होने लगे। इस पर तत्काल उनको निगरानी में लेकर डॉक्टर बुलाया गया।
मकान, जमीन के दस्तावेज मिले
जेलर के घर से लाेकायुक्त टीम को कुछ मकान, जमीन के दस्तावेज मिले हैं। जिनकी छानबीन की जा रही है कि यह किसके नाम पर है और कब खरीदे गए। लोकायुक्त की टीम को घर से गोल्ड भी मिला है। टीम बैंक पासबुक भी खंगाल रही है।

