गोले का मंदिर के फ्लैट में अचानक लगी आग, आग में झुलसने से महिला की मौत
ग्वालियर. गोले का मंदिर इलाके के द लिगेसी प्लाजा में गुरूवार सुबह अचानक आग लग गई। हादसे में महिला जिंदा जल गई। फ्लैट के लोगों ने धुआं निकलता देख फायर ब्रिगेड को सूचना दी, फायर कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद तलाश ली गई। अंदर महिला का झुलसा शव मिला। हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है, महिला बिहार की रहने वाली थी।
जानकारी के अनुसार गोले के मंदिर थाना क्षेत्र इलाके में स्थित रणवीर कॉलोनी पर द लिगेसी प्लाजा बना है। यहां के एक फ्लैट में बिहार की रहने वाली आंचल गौतम (42) पति विनोद कुमार और बेटी के साथ रहती थीं। पति मालनपुर स्थित जेके टायर फैक्ट्री में काम करते है, वहीं बेटी निजी कॉलेज से एमबीए कर रही है।
गुरुवार सुबह पति काम पर गए थे। वहीं, बेटी भी कॉलेज गई हुई थी। सुबह करीब 9 बजे बिल्डिंग में काम करने वाले कर्मचारी ने उनके फ्लैट से धुआं निकलता देखा। उसने दूसरे फ्लैट वालों को बताया। कर्मचारी ने दूसरे फ्लैट से सीढ़ी लगाकर देखा, तो अंदर लपटें निकल रही थीं। कर्मचारियों ने किसी तरह खिड़की तोड़ी और अंदर गए। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड और पुलिस को भी सूचना दी। मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने अंदर जाकर देखा, तो आंचल का शव बेड पर जली हुई अवस्था में पड़ा था।

