Latestराज्यराष्ट्रीय

गैस एजेंसी के बाहर खड़ा सिलेंडर से भरा ट्रक चोरी कर भागा पुराना नौकर, पुलिस ने पकड़ा

ग्वालियर. मुरार इलाके में स्थित गैस एजेंसी पर काम करने वाला पुराना नौकर ही गैस सिलेंडर से भरा ट्रक चोरी कर भाग निकला। ट्रक गैस एजेंसी के बाहर खड़ा हुआ था, जिसमें 100 से ज्यादा सिलेंडर भरे हुए थे। ट्रक चोरी होते ही एजेंसी संचालक ने पुलिस को सूचना दी। मुरार थाने का फोर्स पीछे लग गया, बड़ागांव के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। वह ट्रक खड़ा कर भागने लगा, तभी फोर्स ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोपित कई दिनों से एजेंसी संचालक को धमका रहा था, वह काफी समय पहले नौकरी छोड़ चुका है लेकिन इसके बाद भी संचालक को धमकाता था। मुरार पुलिस ने उस पर एफआइआर दर्ज कर ली है।

मुरार स्थित सदर बाजार के रहने वाले राहुल पुत्र राजेंद्र गोयल गणेश गैस एजेंसी के संचालक हैं। उनकी गैस एजेंसी के बाहर ट्रक क्रमांक एमपी07 जीए 4387 खड़ा हुआ था। जिसमें गैस सिलेंडर रखे हुए थे। ड्राइवर ट्रक बाहर खड़ा कर अंदर चला गया। रात में ट्रक के स्टार्ट होने की आवाज सुनकर वह बाहर आया तो एक युवक ट्रक चोरी कर भाग रहा था। वह ट्रक चोरी कर भागा। ड्राइवर ने राहुल को सूचना दी। मुरार थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि जैसे ही गैस एजेंसी संचालक ने पुलिस को सूचना दी तो मुरार थाने का फोर्स ट्रक के पीछे लग गया। आसपास नाकाबंदी भी कर दी गई। गैस एजेंसी संचालक भी अपनी कार से पहुंच गए। बड़ागांव के पास पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। आरोपित ने जब पुलिस को देखा तो ट्रक को रोका और भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। जब आरोपित को पकड़ा तो वह गैस एजेंसी पर काम करने वाला पुराना नौकर निकला। उसका नाम हेम सिंह निवासी ग्राम फतेहपुर, पिपरसाना, भिंड बताया गया है। वह जब से नौकरी छोड़कर गया था, तभी से परेशान कर रहा था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। ट्रक भी बरामद हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *