गुना काण्ड में 2 आरोपियों ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण, पुलिस ने 2 मार गिराये
गुना. मध्यप्रदेश के गुना के मामले में 2 आरोपियों ने आज न्यायालय में आत्मसर्मपण कर दिया। दोनों आरोपी विक्की पुत्र नवाब खान और गुल्लू पुत्र अलाउद्दीन खान निवासी बिदौरिया गांव, अचानक से कोर्ट पहुंच गये। आपको बता दें कि गुना मामले में अभी तक 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, 3 आरोपियों की एनकाउंटर में मौत हो चुकी है।
आपको बता दें कि आरोपियों ने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी मुनेन्द्रसिंह वर्मा की कोर्ट में आत्मसमर्पण किया है। वहीं, पुलिस को जैसे ही इसकी जानकारी हुई है तो वह आरोपियों को रिमांड मांगने कोर्ट पहुंची। इससे पहले इस मामले में 2 और आरोपी निसार खान और शहराज खान को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। यह दोनों राधोगढ के बिदोरिया गांव के निवासी है। वहीं गुना कांण्ड के मुख्य आरोपी नौशाद और शहजाद भी इसी गांव के थे।
उल्लेखनीय है कि गुना के आरोन में वन्य जीवों का शिकार करने पहुंचे शिकारियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में पुलिस के 3 जवान शहीद हो गये थे। जिनमें एक एसआई और 2 आरक्षक शामिल थे और बाद में पुलिस के साथ एनकाउंटर में 3 आरोपी की ढेर हो गये थे और साथ ही पुलिस ने आरोपियों के मकान भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिये थे।

