क्रूज पर चल रही रेव पार्टी पर छापा, बड़े एक्टर के बेटे समेत 10 हिरासत में
मुंबई. मुंबई के पास समुद्र में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने अब तक की सबसे बड़ी छापेमार कार्रवाई की है। इसमें सवार एक बड़े एक्टर के बेटे समेत 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। एक्टर के बारे में एनसीबी ने अब तक ज्यादा जानकारी नहीं दी है। एनसीबी ने यह रेड (कॉर्डेलिया द इम्प्रेस) नाम की शिप पर मारी है। यह कार्रवाई कई घंटे जारी रही। एनसीबी की टीम को सूचना मिली थी कि एक क्रूज पर ड्रग्स पार्टी चल रही है इसके बाद अधिकारी पैसेंजर बनकर क्रूज पर सवार हो गए। शनिवार को रेव पार्टी चलते वक्त उन्होंने रेड मारी। अब तक की जानकारी के अनुसार शिप से भारी मात्रा में ड्रग्स जब्त हुई है। इसकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। बता दें कि बरामद ड्रग्स एमडी कोक और हशिस है।
एनसीबी के लोग यात्री बनकर क्रूज पर सवार हुए थे
जानकारी के अनुसार जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने इस ऑपरेशन को लीड किया। वे अपनी टीम के साथ मुंबई में उस शिप पर सवार हो गए थे। शिप बीच समुद्र में पहुंचा तो वहां ड्रग पार्टी शुरू हो गई। पार्टी में लोगों को ड्रग्स लेते देख टीम ने ऑपरेशन शुरू कर दिया। छापेमारी की कार्रवाई जारी है और पकड़े गए सभी लोगों को रविवार को मुंबई लाया जाएगा।
मुंबई एयरपोर्ट पर गद्दे में पकड़ी गई थी 5 करोड़ की ड्रग्स
आज की कार्रवाई से एक दिन पहले यानी शुक्रवार को एनसीबी ने गद्दे में छिपाकर ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड ड्रग्स भेजने के एक रैकेट का पर्दाफाश करते हुए करीब पांच करोड़ कीमत की इफीड्रिन ड्रग्स बरामद की थी। हैदराबाद से आया गद्दे का एक पैकेट मुंबई एयरपोर्ट से ऑस्ट्रेलिया के लिए भेजा जाना था, लेकिन एनसीबी अधिकारियों को इसकी भनक लग गई। गद्दे की तलाशी ली गई तो उसमें रुई के बीच 4 किलो 600 ग्राम इफीड्रिन मिला।

