कूनो VVIP के लिये बनाये 10 हेलीपेड, 6 वाच टॉवर चीतों की होगी निगरानी
श्योपुर. कूनो नेशनल पार्क में चीता प्रोजेक्ट की शुरूआत 17 सितम्बर को हो सकती है। प्रोजेक्ट शुरू करने के लिये किसी VVIP के आने की संभावना है। यह VVIP प्रधानमंत्री हो सकते हैं। इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। इन्हीं तैयारियों के तहत 10 हेलीपेड बनाने की तैयारी है। 5 हेलीपेड कूनो नेशनल पार्क और 5 हेलीपेड कराहल में बनाय जायेंगे। शनिवार से कूनो नेशनल पार्क में लोक निर्माण विभाग (PWD) ने हेलीपेड बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।
इसके साथ ही कराहल में भी हेलीपेड बनाने के लिये PWD कर्मचारियों ने नापजोख की। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री संकल्प गोले ने बताया है कि एक हेलीपेड के निर्माण पर 15-16 लाख रूपये तक का खर्च आयेगा। 10 हेलीपेड के निर्माण पर लगभग डेढ़ करोड़ रूपये खर्च होंगे। वहीं, अफ्रीकी चीतों के आने के बाद उनकी निगरानी के लिये 12 और 15 मीटर ऊंचे 6 वॉच टॉवर बनाये गये हैं ताकि चीतों के प्रत्येक मूवमेंट की निगरानी की जा सके।
कूनो में चीता प्रोजेक्ट की शुरूआत करने आने वाले VVIP की कराहल में सभा भी हो सकती है। जिला प्रशासन की तैयारी इसी हिसाब से की जा रही है। पिछले दिन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव ने कराहल की बैठक ली। उन्होंने प्रोजेक्ट की शुरूआत करने किसी VVIP के आने की संभावना के हिसाब से तैयारी करने के लिये कहा गया है।

