कांग्रेस को आज मिलेगा नया अध्यक्ष
नई दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के वोटों की गिनती आज नई दिल्ली के 24 अकबर रोड स्थित ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के ऑफिस में होगी। चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर आमने-सामने हैं, लेकिन रुझानों में खड़गे की जीत तय बताई जा रही है, क्योंकि उन्हें गांधी परिवार का समर्थन हासिल है। चुनाव में 9900 वोटर्स में से 9500 ने वोट डाले थे। काउंटिंग सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
ऐसे होगी काउंटिंग
17 अक्टूबर को वोटिंग के बाद सभी बूथों से मतपेटियां AICC के दफ्तर पर मंगा ली गई थीं। बुधवार को मतगणना शुरू होने से पहले मतपत्रों को मिला लिया जाएगा, ताकि ये पता न चले कि किस उम्मीदवार को किस राज्य से कितने वोट मिले हैं। इसके बाद वोटों की छंटनी होगी, फिर 50-50 वोटों की गडि्डयां बनाकर उनकी काउंटिंग की जाएगी।
36 पोलिंग स्टेशन पर 67 बूथों में हुई थी वोटिंग
कांग्रेस की सेंट्रल इलेक्शन अथॉरिटी (CEA) ने चुनाव में 36 पोलिंग स्टेशनों पर 67 बूथ बनाए थे। सबसे ज्यादा 6 बूथ UP में थे। हर 200 डेलिगेट्स के लिए एक बूथ बनाया गया था। भारत जोड़ो यात्रा में शामिल राहुल गांधी समेत 47 डेलिगेट्स ने कर्नाटक के बेल्लारी में वोट डाला था। यहां यात्रा के कैंप पर अलग से बूथ बनाया गया था।

