कहां है महंगा पेट्रोल -डीजल, यह सब कांग्रेसियों का फोकट का प्रोपेगेंडा-सांसद प्रज्ञासिंह
भोपाल. पेट्रोल -डीजल की बढ़ी हुई कीमतें आमजन को परेशान कर रही है। मध्यप्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल 112 रूपये प्रतिलीटर है तो डीजल 100 रूपये लीटर के पार पहुंच गया है। लेकिन भोपाल की भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञासिंह ठाकुर को पेट्रोल -डीजल महंगा नहीं लगता है। मंगलवार को भोपाल में हुए एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा है कि पेट्रोल -डीजल कोई महंगा नहीं है। यह सब कांग्रेसियों का फोकट का प्रोपेगेंडा है।
संसद प्रज्ञासिंह भोपाल में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा है कि कोरोना काल में कांग्रेस के विधायक जनता की सेवा करने नहीं आये, क्योंकि उन्हें कोरोना हो जाता है जबकि भाजपा विधायक सेवा करने में लगे हैं।
मध्यप्रदेश में पेट्रोल के दाम 110 रूपये के पार
मप्र में पेट्रोल के दाम 110 रूपये प्रतिलीटर से अधिक है। जबकि डीजल भी कई शहरों में 100 रूपये के पार पहुंच गया है। रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल और श्योपुर में पेट्रोल 112.57 रूपये प्रतिलीटर तक में बेचा जा रहा है तो अनूपपुर, सिवनी और शहडोल में डीजल शतक पूरा कर चुका है। शहडोल में डीजल सबसे महंगा है। यहां तक कि एक लीटर डीजल की कीमत 110.18 प्रतिलीटर चुकाना पड़ रही है।

