कलेक्टर ने मिट्टी के गणेश जी बनाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
ग्वालियर – पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पंहुचाने एवं नागरिकों को प्रेरित करने के उद्देश्य से कलेक्टर रुचिका चौहान ने मिट्टी से गणेश जी की मूर्ति बनाई। ईको फ्रेंडली गणेश जी बनाने के लिए शुक्रवार को विजयनगर एक्सटेंशन पार्क चेतकपुरी में आयोजित वर्कशॉप में कलेक्टर शामिल हुईं। साथ ही कार्यशाला में भाग लेने आईं महिलाओं के साथ बैठकर चिकनी मिट्टी से गणेश जी की मूर्तियाँ बनाईं। साथ ही अपील की कि शहरवासी गणेश महोत्सव के पावन अवसर पर अपने-अपने घरों में मिट्टी के गणेश जी स्थापित करें।
ईको फ्रेंडली कार्यशाला में मौजूद महिलाओं एवं छात्राओं से भी आह्वान किया कि वे अपने-अपने घरों में तो ईको फ्रेंडली मिट्टी के भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित करें हीं, साथ ही अपने पड़ोसियों, रिश्तेदारों व जान-पहचान वालों को भी इसके लिए प्रेरित करें। कार्यशाला में बड़ी संख्या में महिलाओं और आर्ट से जुड़ी छात्राओं ने हिस्सा लिया।
ग्वालियर शहर और जिले के पर्यावरण को प्लास्टर ऑफ पेरिस एवं कैमिकल से पहुँचने वाली हानि से बचाने के लिए सामाजिक संस्था विपिन एकता विकास परिषद द्वारा ईको फ्रेडली गणेश जी बनाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
वर्कशॉप में विपिन एकता विकास परिषद की रानू नाहर ने सभी को गणेश जी की प्रतिमा बनाना सिखाया। इस अवसर पर सहायक नोडल अधिकारी खेल विजेता चौहान, स्वराज गुप्ता, अंजली गुप्ता, विनिता तायल, मेघा खंडेलवाल सहित बडी संख्या में समाज सेवी महिलायें उपस्थित रहीं।

