कर्जमाफी पर कमलनाथ ने फेंका दांव, कांग्रेस की सरकार बनते ही योजना लागू करेंगे
भोपाल. मध्यप्रदेश में किसान कर्जमाफी पर पूर्व CM कमलनाथ ने फिर दांव फेंका है। उन्होंने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनते ही कर्जमाफी योजना लागू करने का दावा किया है। इस पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि ‘काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। सवा साल में भी पूरा नहीं कर पाए तो अब क्या करेंगे।
कांग्रेस ने कर्जमाफी का मुद्दा फिर उठाया
प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव है। ऐसे में कांग्रेस ने कर्जमाफी का मुद्दा फिर उठाया है। पूर्व सीएम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने एक के बाद एक चार ट्विट किए और किसानों के कई मुद्दों पर शिवराज सरकार को घेरा है। खाद की कमी और किसानों की दोगुनी आय करने पर चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि किसानों की आमदानी दोगुनी होनी तो दूर फसल की लागत भी नहीं निकल पा रही है। लागत कई गुना बढ़ गई है। प्रदेश में किसान खाद के लिए बुरी तरह से परेशान हो रहे हैं।
शिवराज पब्लिसिटी करते हैं
कमलनाथ ने प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान को लेकर कहा कि वे किसानहित के नाम पर रोज कोई न कोई पब्लिसिटी स्टंट करते रहते हैं। अब उन्होंने किसान गौरव सम्मेलन करने का अभिनय किया है।

