ओवरनाइट एक्सप्रेस की 2 बोगी पटरी से उतरी, सभी यात्री सुरक्षित
जबलपुर. इन्दौर से चलकर जबलपुर की जाने वाली ट्रेन नम्बर 22191 ओवरनाइट एक्सप्रेस के 2 कोच शनिवार की सुबह जबलपुर रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गये। इनमें से एक पार्सल और एक एसी कोच है। घटना में किसीतरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
घटना उस समय घटी जब ट्रेन प्लेटफार्म नम्बर 6 पर पहुंच रही थी। इसकी रफ्तार 20 किमी प्रतिघंटे थी। उतरे कोच को फिर से पटरी पर लाने का काम चल रहा है। इससे अप ट्रैक बाधित हुआ है। ट्रेन में 10 से 12 कोच थे। जानकारी मिलते ही पश्चिम मध्यरेलवे के महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने हादसे की जांच के आदेश दे दिये है।
ऐसा लगा कि अचानक ब्रेक लगे हो
एक यात्री संदीप कुमार ने बताया है कि वह कोच में आराम कर रहे थे। इसी बीच कुछ इस तरह के झटके लगे जैसे बहुत तेजी से ब्रेक लगा हो। कुछ समझ में आता, तब तक ट्रेन खड़ी हो चुकी थी। हालांकि, कुछ देर के लिये ऐसा भी लगा कि जैसे कोई हादसा हो गया हे। इसके बाद ट्रेन काफी देर तक खड़ी रहीं और कुछ देर बाद जब कोच से उतर कर बाहर देखा तो 2 डिब्बे पटरी से उतरे हुए थे।

