आईएमएफ ने इमरान खान सरकार को 6 बिलियन डॉलर लोन देने से इनकार किया, पहली किश्त भी नहीं मिलेगी
पाकिस्तान. कर्ज के दलदल में डूब चुके पाकिस्तान के लिए आशा की आखिरी किरण भी दूर होती नजर आ रही है। इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड यानी आईएमएफ ने पाकिस्तान को 6 बिलियन डॉलर का लोन देने से इनकार कर दिया है। इतना ही नहीं आईएमएफ ने यह भी साफ कर दिया है कि पाकिस्तान को 1 बिलियन डॉलर की पहली किश्त भी नहीं दी जाएगी। आईएमएफ और पाकिस्तान के फाइनेंस मिनिस्टर के बीच वॉशिंगटन में जारी बातचीत नाकाम हो गई है। हालांकि इमरान खान सरकार की तरफ से अब तक इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया गया है।
गहरे दबाव में पाकिस्तान
रिपोर्ट में बताया कि अमेरिका में वित्त मंत्री शौकत तरीक की टीम और आईएमएफ के बीच 11 दिनों तक चली बातचीत अब तक बेनतीजा रही है। इसके बाद यह मीटिंग औपचारिक तौर पर खत्म हो गई। यह मीटिंग 4 अक्टूबर को शुरू हुई थी और 15 अक्टूबर तक चली। रिपोर्ट में कहा गया है कि शौकत के वॉशिंगटन में रहने के दौरान ही पाकिस्तान सरकार ने एक बार फिर बिजली और पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स के रेट बढ़ा दिए। हालांकि आईएमएफ की टीम टैक्स कलेक्शन बढ़ाने पर भी जोर दे रही थी।

