हेलमेट जागरूकता रैली निकाल कर यातायात ‘‘सड़क सुरक्षा सप्ताह’’ का शुभारंभ
ग्वालियर। यातायात पुलिस द्वारा 11 से 17जनवरी के बीच ‘‘सड़क सुरक्षा सप्ताह’’ मनाया जायेगा। ‘‘सड़क सुरक्षा सप्ताह’’ के शुभारंभ पर 11 जनवरी को यातायात पुलिस द्वारा ‘‘हेलमेट जागरूकता बाईक रैली’’ का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य अतिथि सांसद विवेक शेजवलकर द्वारा पुलिस कन्ट्रोल रूम से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस ‘‘हेलमेट जागरूकता बाईक रैली’’ का नेतृत्व एडीजीपी ग्वालियर जोन डी श्रीनिवास वर्मा द्वारा स्वयं बाईक चला कर किया गया। रैली में एडीजी के साथ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, एएसपी यातायात श्रीमती मृगाखी डेका, एएसपी पश्चिम गजेन्द्र वर्धमान, एएसपी जयराज कुबेर, डीएसपी क्राईम शियाज केएम.सीएसपी इंदरगंज विजय भदौरिया, एसडीओपी घाटीगांव संतोष पटेल, एसडीओपी बेहट सुश्री हिना खान, डीएसपी यातायात नरेश बाबू अन्नोटिया, विक्रम सिंह कनपुरिया, आरआई रंजीत सिंह समेत यातायात पुलिस व शहर के थानों के पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों ने भी भाग लिया।
हेलमेट जागरूकता बाईक रैली पुलिस कंट्रोल रूम से प्रारंभ होकर सिटी संेटर, माधव नगर, चेतकपुरी, अचलेश्वर चौराहा, मेडिकल चौराहा, मांडरे की माता, कस्तूरबा चौराहा, केआरजी. महाविद्यालय, पदमा तिराहा, रॉक्सी पुल, स्काउट गेट, महाराज बाड़ा, गश्त का ताजिया, राम मंदिर चौराहा, ऊंट पुल, इंदरगंज चौराहा, नदी गेट तिराहा, डीडी मॉल, फूलबाग, पड़ाव नया ब्रिज, तानसेन तिराहा से होते हुए वापस पुलिस कंट्रोल रूम पर समाप्त हुई। महाराज बाड़े पर आमजन द्वारा पुष्प वर्षा कर हेलमेट जागरूकता बाईक रैली का स्वागत किया गया।
बाईक रैली के प्रारंभ से पूर्व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में घटित होने वाली दुर्घटनाओं में सर्वाधिक मृत्यू बिना हेलमेट तेजगति व असावधानीपूर्वक वाहन चलाने के कारण होती है। यातायात पुलिस द्वारा मनाये जाने वाले इस ‘‘सड़क सुरक्षा सप्ताह’’ का मुख्य उद्देष्य शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
तद्उपरांत एडीजीपी ने उपस्थित सभी से कहा कि इस बाईक रैली का उद्देष्य आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता पैदा करना है। जिससे वाहन चालकों की लापरवाही से प्रतिदिन होने वाली सडक दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके साथ ही इनमें होने वाली जनहानि को रोका जा सके। ‘‘सड़क सुरक्षा सप्ताह’’ के तहत यातायात पुलिस द्वारा शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन एवं वाहन चालकों को सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति में वाहन चलाने, वाहनों में ओवरलोड सवारी ना बैठाने, निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा कर सवारियों को चढ़ाने व उतारने, वनवे के नियमों का पालन करने एवं वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की समझाइश दी जायेगी।

