हिंदू छात्रा से बोला फैजान- शादी के बाद तुझे नमाज पढ़नी पड़ेगी
इंदौर. हिंदू संगठन के लोगों ने गुरुवार को अलग-अलग स्थानों से तीन मुस्लिम युवकों को पकड़ा जो हिंदू लड़कियों से आपत्तिजनक हरकतें कर रहे थे। एक युवक तो खजराना गणेश मंदिर से पकड़ा गया है। वह स्कूली छात्रा पर शादी का दबाव डाल रहा था। टाइल्स लगाने वाले मोहम्मद फैजान ने उससे कहा कि तू शादी के बाद नमाज अदा करेगी। खजराना पुलिस ने आरोपित पर छेड़छाड़, धमकी और मप्र धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार किया। संयोगितागंज और चंदन नगर पुलिस ने दो युवकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
शादी के बाद तुम मुस्लिम बन जाना
एसआइ मनीषा डांगी के मुताबिक लाल चौक निवासी फैजान और छात्रा की दोस्ती नौवीं कक्षा में पढ़ने के दौरान हुई थी। अभी वह 12वीं में पढ़ती है। वेलेंटाइन-डे पर फैजान ने प्रेम का इजहार किया और उसे जाल में फंसा लिया। उससे कहा कि हम दोनों स्वजन को बताए बगैर शादी कर लेंगे। शादी के बाद तुम मुस्लिम बन जाना। तुम्हें नमाज अदा करनी पड़ेगी। गुरुवार शाम फैजान ने खजराना गणेश मंदिर में बुलाया और अश्लील हरकतें की। इसी दौरान हिंदू संगठन के लोग पहुंचे और दोनों को पकड़ लिया। छात्रा ने फैजान के इरादे बताए और थाने में रिपोर्ट लिखवाई। एसआइ के मुताबिक फैजान से पूछताछ की जा रही है। उसकी इंटरनेट मीडिया की चैटिंग और फोन की जांच की जा रही है।
स्कूल के बाहर समीर को पकड़ा, छात्रा को बहन बताया
हिंदू संगठन के लोगों ने गुरुवार शाम आरोपित मोहम्मद समीर को पकड़ा। वह भी हिंदू युवती के साथ अश्लील हरकतें कर रहा था। पकड़े जाने पर वह युवती को बहन बताने लगा। घटना नगीन नगर स्थित सिटी स्टार स्कूल के बाहर की है। आरोपित ने स्कूल की छात्रा से दोस्ती कर ली थी। छुट्टी के बाद वह उससे मिलने आता था। गुरुवार को भी छात्रा को साथ लेकर गया। हिंदू संगठन के पदाधिकारी उसका पीछा कर रहे थे। जैसे ही उसने आपत्तिजनक हरकतें की, उसे पकड़कर पीटा। आरोपित ने छात्रा युवती को पहले सहपाठी और बाद में बहन बताया। मौके पर छात्रा के भाई पहुंचे तो कहा मेरा छात्रा से प्रेम प्रसंग चल रहा है। हालांकि छात्रा ने बदनामी के डर से रिपोर्ट लिखवाने से इन्कार कर दिया।

