हरियाणा में मतदान के दौरान नूंह में पथराव, हिसार में बोगस मतदान, भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्त्ता भिड़े
हरियाणा. 90 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। दोपहर 1 बजे तक 36.69% मतदान हुआ है। सबसे अधिक मतदान 42.64% नूंह जिला मे तो सबसे कम मतदान पंचकूला जिले में हुआ है। यहां 25.89% ही मतदान हुआ है। मतदान शाम 6 बजे तक होगा। नतीजे 8 अक्टूबर को आयेगा।
नूंह में मतदान के दौरान 3 जगह बवाल हो गया। कांग्रेस, इनेलो-बसपा और निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच पथराव हो गया। विवाद होने की आशंका को देखते हुए चंदेनी, ख्वाजाकलां और गुलालता में पुलिसबल की तैनाती कर दी गयी है। डीएसपी सुरेन्द्र सिंह भी गांव का दौरान करने पहुंच गये है। उधर, कुरूक्षेत्र से भापाज सांसद नवीन जिन्दल घोडे पर सवार होकर मतदान करने पहुंचे।
अब तक के 8 अपडेट्स…
सोनीपत में मतदान केंद्र पर कवरिंग एजेंट बदलने पर विवाद हो गया। यहां पर कांग्रेस कैंडिडेट जगबीर मलिक भी पहुंचे। उनकी पुलिस के साथ बहस हुई। इसके साथ एक जगह वोट डालने को लेकर झगड़ा हुआ। इसमें 2 लोगों को चोट आई।
हिसार में पूर्व वित्त मंत्री एवं नारनौंद से भाजपा कैंडिडेट कैप्टन अभिमन्यु और कांग्रेस उम्मीदवार जस्सी पेटवाड़ के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। एक-दूसरे पर बोगस वोटिंग कराने का आरोप लगाया।
महेंद्रगढ़ जिला में नांगल चौधरी के धोखेरा गांव में मतदान के दौरान कांग्रेस और BJP वर्करों में झड़प हो गई। BJP का आरोप है कि कांग्रेस कैंडिडेट मंजू चौधरी के समर्थकों ने बूथ पर कब्जा करने की कोशिश की।
रोहतक के महम से हरियाणा जनसेवक पार्टी (HJP) के उम्मीदवार एवं पूर्व विधायक बलराज कुंडू ने कांग्रेस कैंडिडेट बलराम दांगी के पिता पर हमले का आरोप लगाया। धक्कामुक्की में उनके कपड़े फट गए।
सोनीपत-पंचकूला में EVM मशीन खराब होने की शिकायत मिली। इससे वोटिंग आधे घंटे देर से शुरू हो पाई।
जींद के जुलाना में बूथ कैप्चरिंग की शिकायत मिली। सूचना मिलने के बाद भाजपा प्रत्याशी कैप्टन योगेश बैरागी भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान कुछ लोगों ने उनका विरोध किया। इस बीच धक्कामुक्की भी की।
कैथल जिला के पुंडरी के ढांड गांव के बूथ नंबर 22 पर व्यक्ति ने 2 बार वोट डालने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे बाहर निकाला। इसके बाद चुनाव आयोग की टीम मौके पर पहुंची।

