स्वच्छ सर्वेक्षण: टॉप-3 में आ सकता है भोपाल, जबलपुर-ग्वालियर को मिनिस्ट्रियल अवॉर्ड मिलेंगे
भोपाल. वर्ष 2024 के स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कारों की घोषणा शनिवार को कर दी गई है। इन सम्मानों में स्वच्छता लीग सम्मान, राष्ट्रपति सम्मान, देश और राज्यों की विभिन्न क्षेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निकायों को सम्मानित किया जाएगा, इसके लिए 17 जुलाई को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में एक आयोजन होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू करेंगी।
प्रदेश के 8 शहर होंगे सम्मानित
हर वर्ष की तरह मध्य प्रदेश ने इस वर्ष भी अपनी विजय पताका फहराई। प्रदेश के 8 शहरों को इस राष्ट्रीय आयोजन में सम्मानित किया जाएगा। इसमें सुपर लीग श्रेणी में इंदौर, उज्जैन और बुधनी है। इस श्रेणी में सिर्फ वे शहर शामिल किए जाते है जिन्होंने पिछले तीन सालों में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया हो और उत्तरोत्तर प्रगति की संभावनाएं सृजित की हों।
17 जुलाई को जारी होगी रेटिंग
कचरा मुक्त शहरों की स्टार रेटिंग और ओडीएफ/ वॉटर प्लस के परिणाम भी उसी दिन जारी किए जाएंगे। प्रदेश से इस आयोजन में विभागीय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी के साथ विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधियों की बड़ी टीम इस आयोजन में शिरकत करेगी।
स्वच्छता अवॉर्ड की 3 कैटेगरी रहेगी
इनमें भोपाल, देवास और शाहगंज को अपनी-अपनी कैटेगरी में प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड मिलेंगे। जबलपुर को स्पेशल कैटेगरी और ग्वालियर को स्टेट लेवल का मिनिस्ट्रियल अवॉर्ड मिलेगा।

