सिवनी में ट्रेन इंजन से टकराई ट्रैकमैन की ट्रॉली, दो की मौत, एक घायल
सिवनी.नवनिर्मित रेलवे ट्रैक पर काम करते समय तीन ट्रैकमैन ट्रेन इंजन की चपेट में आ गए। हादसे में दो की मौत हो गई। वहीं, दो लोग घायल हो गए। हादसा सोमवार शाम ट्रैक पर विद्युतीकरण का काम करते समय हुआ। हादसा भौमा रेलवे स्टेशन के पास हुआ। मौके पर अफसर पहुंच गए हैं। जानकारी के अनुसार ट्रेन का इंजन भोमा से सिवनी की तरफ आ रहा था। इंस्पेक्शन ट्राॅली में 5 लोग बैठकर सिवनी से भौमा की तरफ जा रहे थे। रास्ते में इंदावाड़ी के पास दोनों की टक्कर हो गई। इंजन को देखकर ट्राॅली में बैठे 5 लोगों में से 3 लोगों ने कूदकर जान बचा ली।
इंस्पेक्शन मोटर ट्राली में सवार राज बहादुर मर्सकोले ने बताया कि मैं चार साथियों के साथ रुटीन निरीक्षण पर निकला था। हम सिवनी से भौमा की तरफ जा रहे थे। मोड़ पर अचानक सामने से इंजन आता दिखाई दिया। इंजन देखकर हम ट्राॅली से कूदे। मैं रेलवे ट्रैक की गिटि्टयों पर गिरा, तभी अचानक ट्रॉली के रगड़ने की आवाज सुनाई दी। ट्राॅली में सवार लल्लन योगी की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। जीतेंद्र रजक निवासी पलारी भालीभाड़ा, रामसमूज यादव को घायल अवस्था में अस्पताल भेजा। वहीं रामसमूज यादव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

