सिंधिया फैंस क्लब के नेता को चप्पलों से पीटा, मंत्री का खास बताकर सरपंचों से लिया कमीशन
सिरोंज. सिंधिया फैंस क्लब के नेता की सरपंच और सरपंच प्रतिनिधियों ने चप्पलों से पिटाई कर दी। नेता पर आरोप है कि उसने पंचायत में विकास के लिए राशि स्वीकृत कराने के नाम पर सरपंचों से कमीशन लिया। इसके बाद भी राशि मंजूर नहीं कराई। जिसके बाद कुछ आक्रोशित सरपंच और उनके प्रतिनिधियों ने नेता की सरेराह पिटाई कर दी।मामला विदिशा जिले के सिरोंज में शनिवार का है। इसका वीडियो सोमवार को सामने आया। यहां पर देवेंद्र शर्मा (28) सिंधिया फैंस क्लब के ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद पर हैं। सरपंचों का आरोप है कि देवेंद्र शर्मा ने राशि मंजूर कराने के लिए पैसे लिए थे। करीब दो महीने बाद भी राशि स्वीकृत नहीं कराई। काम नहीं होने पर जब हम लोगों ने उससे रुपए वापस मांगे तो वो कुछ दिन से टाल रहा था।
कई मंत्रियों से पहचान होने का करता था दावा
सरपंचों का आरोप है कि देवेंद्र शर्मा ग्रामीण क्षेत्र में खुद को पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया का करीबी बताकर रौब झाड़ता है। वह पंचायतों में विकास राशि स्वीकृत कराने के नाम पर सरपंचों से उस राशि का 10 से 15 प्रतिशत कमीशन लेता है। वह कई मंत्रियों से खुद के संबंध होने का दावा भी करता है। उसने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ फोटो लगा रखी है।

