सिंधिया के गढ़ में मप्र की सबसे ऊंची 110 फीट की राम प्रतिमा स्थातिप होगी
गुना. गुना शहर को पर्यटननगरी की तर्ज पर विकसित करने के लिए तैयारी जारी है, शहर के सबसे प्राचीन धार्मिक स्थल हनुमान टेकरी मंदिर के पास ही पुरापोसर में भगवान श्रीराम की भव्य प्रतिमा लगाई जा रही है। यह मध्यप्रदेश की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी और इसकी ऊंचाई 110 फीट होगी। राज्य में वर्तमान में सबसे ऊंची प्रतिमा जबलपुर के बरगी नगर में मां काली की है जिसकी ऊंचाई 108 फीट है।
परियोजना को श्रीराम टेकरी ट्रस्ट के माध्यम से साकार किया जाएगा
इस प्रतिमा को स्थापित करने के लिए 1 करोड़ 26 लाख रुपए की लागम आएगी। परियोजना को श्रीराम टेकरी ट्रस्ट के माध्यम से साकार किया जाएगा। इस संबंध में परियोजना को साकार करने जा रहे पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया और गुना कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम ने जानकारी दी और बताया कि श्रीराम टेकरी धर्मस्थल को केवल धार्मिक ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक विरासत के रूप में स्थापित किया जाएगा।
आसपास हाट बाजार, पंचवटी भी विकसित किए जाएंगे
इस पूरे प्रोजेक्ट पर 50 करोड़ रुपए खर्च होंगे इसके आसपास हाट बाजार, पंचवटी भी विकसित किए जाएंगे। इस पूरी परियोजना में तीन वर्षों से ज्यादा का समय लगेगा। परियोजना से संबंधित एक एनीमेशन भी कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम ने पेश किया इसमें श्रीराम टेकरी नगर का एक काल्पनिक चित्र भी प्रदर्शित किया गया।

