साडा क्षेत्र की 18 ग्राम पंचायतों को मिलेगा फिल्टर किया हुआ पानी –भारत सिंह कुशवाह
ग्वालियर खुशी की बात है साडा क्षेत्र में बसीं 18 ग्राम पंचायतों में जल्द ही शहर की तरह फिल्टर किए हुए पानी की आपूर्ति होगी। इन ग्राम पंचायतों की संयुक्त पेयजल योजना को मूर्तरूप देने के लिये प्रदेश सरकार द्वारा 60 करोड़ रूपए की राशि मंजूर कर दी गई है। मुख्यमंत्री शीघ्र ही इस परियोजना की आधारशिला रखने आयेंगे। यह खुशखबरी उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने ग्राम ओड़पुरा, झण्डापुरा, रामपुरा, तिघरा व तालपुरा में जन संवाद के दौरान ग्रामीणों को सुनाई। श्री कुशवाह बुधवार को विकास यात्रा लेकर विकासखंड घाटीगाँव (बरई) के इन ग्रामों में पहुँचे थे।
विकास यात्रा के तहत आयोजित हुए जन संवाद कार्यक्रम में ने कहा कि स्व-सहायता समूह की महिलायें फूड प्रोसेसिंग इकाईयाँ स्थापित करने के लिये आगे आएँ। खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा हर महिला को फूड प्रोसेसिंग इकाई के लिये 40 हजार रूपए का अनुदान दिया जाता है।
बुधवार को आयोजित हुई ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की विकास यात्रा में कुँवर सिंह जाटव, आकाश भदौरिया, केशव सिंह गुर्जर तथा अन्य जनप्रतिनिधिगण शामिल रहे।

