विवेकानंद नीडम आरओबी पर ऑटोचालक का स्टंट, 2 पहियों पर चला रहा था ऑटो
ग्वालियर. एक ऑटोचालक का स्टंट करते हुए वीडियो सामने आया है। वीडियो में ऑटो चालक मस्ती में ऑटो को 2 पहियों पर चलाते हुए नजर आ रहा है। यह स्टंट न केवल उसकी बल्कि पुल पर चल रहे अन्य वाहनचालकों की जान के लिये भी खबरा बना हुआ था। ऑटो में पीछे बैठा युवक आधा बाहर निकलकर चिल्लाता हुआ दिखाई दे रहा है। इस खतरनाक करतब का वीडियो एक अन्य ऑटो में बैठे युवकों ने शूट किया। वीडियो गुरूवार को सामने आया है। जबकि यह घटना बुधवार की दोपहर की बताई जा रही है।
घटना ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र के हरीशंकरपुरम कॉलोनी के पास बने नवनिर्मित नीडम आरओबी ब्रिज की है। ऑटो क्रमांक MP07 ZU 5035 का ड्राइवर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए ऑटो को दो पहियों पर चलाकर स्टंट कर रहा था। खास बात यह है कि जब यह स्टंट हो रहा था, उसी समय ब्रिज पर अन्य वाहन जैसे कार, ट्रैक्टर-ट्रॉली और दोपहिया वाहन भी गुजर रहे थे। अगर ऑटो थोड़ा भी अनबैलेंस होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
ऑटोचालक की तलाश जारी
फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने ऑटोचालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। झांसी रोड थाना प्रभारी अवधेश कुशवाहा ने बताया कि जल्द ही ड्राइवर की गिरफ्तारी की जाएगी।

