विक्की फैक्ट्री चैकिंग पॉइंट पर एंट्री वसूलते पकड़े 2 जवान, मौके पर ही निलंबित किये
ग्वालियर. पुलिस एक बार फिर ट्रकों से अवैध वसूली के मामले में बदनाम हुई है। देर रात को विक्की फैक्ट्री पॉइंट पर 2 पुलिस के जवान ट्रक को रोकर एंट्री की वसूली कर रहे थे। तभी पीछे से आईपीएस ऋषिकेश मीणा पीछे आकर खड़े हो गये। अधिकारी पर नजर पड़ते ही पुलिस जवानों के होश उड़ गये। इसके बाद तो वह आईपीएस के सामने माफी मांगते हुए गिड़गिड़ाये। लेकिन अधिकारी ने एक नहीं सुनी आईपीएस मीणा ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस कप्तान अमित सांघी को दी। एसपी ने ट्रकों को रोक कर खड़े दोनों जवानों को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच के आदेश दिये हैं।
क्या है पूरा मामला
कई दिनों से शहर के एंट्री पॉइंट पर अवैध वसूली की शिकायतों पर शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात ASP हितिका वासल व IPS ऋषिकेश मीणा को चेकिंग पॉइंट को चेक करने के निर्देश दिए थे। बेला की बावड़ी पर चेकिंग पॉइंट को चेक करने के बाद जब IPS मीणा विक्की फैक्ट्री की तरफ रवाना हुए तो उन्होंने ट्रकों की लाइन देखी। इस पर उन्होंने पॉइंट से करीब 100 मीटर पहले ही अपने वाहन के चालक से गाड़ी की हेड लाइट बंद करने के लिए कहा और साथ ही वह पैदल ही चेकिंग पॉइंट पर पहुंचे। वहां देखा कि ड्यूटी पर तैनात आरक्षक सुमित दौहरे और सूरज सिरोलिया एक ट्रक को रोक कर खड़े थे और पीछे कुछ ट्रकों की लाइन बन गई। जैसे ही उनकी नजर IPS मीणा पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए और माफी मांगते हुए गिड़गिड़ाने लगे। IPS अफसर ने तुरंत उन दोनों के नाम पूछकर कप्तान को जानकारी दी। जिस पर कप्तान ने उन्हें निलंबित कर दिया है।
एंट्री के लिये बदनाम है विक्की फैक्ट्री चौराहा
शहर के विक्की फैक्ट्री चौराहा, बेला की बावड़ी और मोतीझील पर जब भी अधिकारी चैकिंग करने जाते हैं। हर बार यहां पर जवानों को वसूली करते हुए अधिकारियों ने पकड़ा और कार्यवाही की है। लेकिन वसूली नही रूक सकी है। कार्यवाही होने के कुछ समय तक तो शांति रहती है लेकिन कुछ दिनों के बाद यहां पर हालत जस की तस हो जाती है।
कई दिनों से मिल रही थी सूचना
विक्की फैक्ट्री पर वसूली की शिकायत पिछले 3 दिन से अफसरों तक पहुंच रही थी और शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात IPS मीणा को विक्की फैक्ट्री पॉइंट को चेक करने के लिए पुलिस कप्तान ने भेजा था। कप्तान के आदेश पर IPS हितिका वासल व ऋषिकेश मीणा ने अलग-अलग इलाकों में पॉइंट चेक किए। IPS हितिका वासल ने महाराजपुरा, पुरानी छावनी तो ऋषिकेश मीणा ने बेला की बावड़ी और झांसी रोड के पॉइंट चेक किए।

