वन विभाग ने 10 किमी तक पीछा कर 2 ट्रैक्टर- ट्रॉली को पकड़ा, 2 ड्राइवर गिरफ्तार
मुरैना. वन विभाग ने अवैध रेत खनन और परिवहन पर कार्यवाही कर चम्बल नदी से अवैध रूप से लाई जारी 2 ट्रैक्टर- ट्रॉलियों को जब्त किया गया है। यह कार्यवाही शुक्रवार की सुबह डीएफओ सुजीत जे पाटिल के निर्देश पर की गयी। इस बीच 2 ड्राइवरों को भी गिरफ्तार किया गया। वन विभाग की टीम ने रातभर गश्त कर अवैध खनन पर लगाम लगाने का प्रयास किया। वह अभियान गेम रेंज अम्बाह, गेम रेंज देवरी और वन परिक्षेत्र मुरैना के स्टाफ के सहयोग से संचालित किया गया।
10 किमी तक ट्रैक्टर का पीछा किया
पहला ट्रैक्टर- ट्रॉली गुरूवार की रात सबलगढ़ के पास हाईवे पर पकड़ा गया। जिसे जब्त कर सबलगढ़ थाने में खड़ा करवाया गया। दूसरी ट्रैक्टर- ट्रॉली को सुबह जौरा-’रूनीपुर रोड़ पर पकड़ा गया। इस बीच वन विभाग की टीम ने करीब 10 किमी तक ट्रैक्टर- ट्रॉली का पीछा कर उसे पकड़ने में कामयाबी मिली। जब्त किये गये दोनों ट्रैक्टर- ट्रॉलियों की अनुमानित कीमत 10 लाख रूपये से ज्यादा है।
जनता से सहयोग की अपील
वन विभाग और प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध रेत खनन या परिवहन की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें। इससे पर्यावरण को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। एसडीओ भूरा गायकवाड़ ने कहा, “अवैध खनन रोकने के लिए सख्त निगरानी रखी जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

