लद्दाख में पकड़ा गया चीनी सैनिक, भारतीय सेना पूछताछ में जुटी
नई दिल्ली. भारत-चीन के बीच एलएसी पर जारी तनाव के बीच सुरक्षाबलों ने लद्दाख के चुमार-डेमचोक इलाके में एक चीनी सैनिक को पकड़ा है, उसने कहा कि उसने अनजाने में भारतीय क्षेत्र में प्रवेश किया फिलहाल चीनी सैनिक का आईकार्ड जब्त किया गया है और कुछ दस्तावेज भी बरामद किए गए है। चीनी सैनिक का कहना है कि वो अपने याक की तलाश में भारतीय सीमा में घुस आया था। खुफिया एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही है।
सैनिक की पहचान कॉर्पोरल वांग या लांग के रूप में हुई
जानकारों का कहना है कि नियत प्रक्रिया का पालन करने के बाद स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार उसे चीनी सेना को वापस कर दिया जाएगा। पीएलए के इस सैनिक की पहचान कॉर्पोरल वांग या लांग के रूप में हुई है। भारतीय सेना ने उसे कठोर जलवायु परिस्थितियों से बचाने के लिए ऑक्सीजन, भोजन और गर्म कपड़े सहित चिकित्सा सहायता प्रदान की है। ऐसा बताया जा रहा है कि लापता सैनिक के बारे में पीएलए ने भारतीय सेना को एक अनुरोध भेजा है। प्रोटोकॉल के अनुसार सैनिक से पूछताछ और बाकी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद चुशूल-मोल्डो बैठक बिंदु पर उसे चीनी अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा।

