मैं डिप्टी सीएम इसलिए नहीं बना कि मुझे पता था कि कमलनाथ अपने किए गए वादे को पूरा नहीं करेंगे- ज्योतिरादित्य
ग्वालियर. ग्वालियर चंबल दौरे के दूसरे दिन फिजिकल कॉलेज सभागार, ग्वालियर से भाजपा सदस्यता ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कमलनाथ-दिग्विजय सिंह पर खुलकर हमला बोला इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी के उस भाषण को भी याद दिलाया जिसमें राहुल गांधी ने कहा था कि 10 दिनों में किसानों का कर्ज माफ कर देंगे।
11 महीने तक किसानों के 2 लाख तक का कर्ज माफ नहीं हुआ
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग कहते है मैंने लोकतंत्र को धोखा दिया। अगर जनता की सेवा करना धोखा देना है तो हा मैंने धोखा दिया लेकिन मैंने इनके 11 दिन के वादे का 11 महीने इंतजार किया लेकिन कांग्रेस ने किसानों की कर्जमाफी को लेकर कोई काम नहीं किया। सिंधिया ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि मंदसौर, नीमच की रैली में वादा किया गया था कि 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ कर दूंगा और किसानों का कर्जमाफ नहीं किया गया तो 11वें दिन मुख्यमंत्री बदल दूंगा लेकिन 11 महीने तक किसानों के 2 लाख तक का कर्ज माफ नहीं हुआ।
कांग्रेस की सरकार बनी तो मुझे उपमुख्यमंत्री बनाया जा रहा था
सिंधिया ने कहा कि अगर मैं सत्ता लोभी या सिंहासन की पूजा करने वाला होता तो जब कांग्रेस की सरकार बनी थी और मुझे उपमुख्यमंत्री बनाया जा रहा था तो मैं उपमुख्यमंत्री बन जाता लेकिन मैं डिप्टी सीएम इसलिए नहीं बना कि मुझे पहले से ही पता था कि ये लोग अपने किए गए वादे को पूरा नहीं करेंगे इसलिए मैंने डिप्टी सीएम बनने से इंकार कर दिया, क्योंकि मैं सत्ता का लोभी नहीं बल्कि जनता का सेवक हूं।
लगातार अपील की, कि जनता से किए गए वादों को पूरा करिए
सिंधिया ने कहा कि मैं इन लोगों से लगातार ये अपील कर रहा था कि जनता से किए गए वादों को पूरा करिए लेकिन जब 11 महीने तक सरकार ने कोई काम नहीं किया तो मैंने सड़कों पर उतरने की बात की। सिंधिया ने कहा कि कन्यादान की राशि शिवराज सरकार में 21 हजार थी जिसे बढ़ाकर कमलनाथ ने 51 हजार किया लेकिन शादी के 1 साल बीजे जाने के बाद भी 51 हजार रुपए की राशि इन्हें नहीं मिली।

