मुरैना में रिटायर सैनिक के पुत्र ने गोवा घूमने के लिए रची अपहरण की कहानी, 50 लाख फिरौती मांगी
मुरैना. पोरसा के अनुरूद्ध का पुरा गांव के रिटायर सैनिक के 19 वर्षीय बेटे के अपहरण की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली। पुलिस का दावा है कि अपहृत छात्र नागेंद्र माहौर को दोस्तों के साथ गोवा घूमने के लिए पैसे चाहिए थे इसलिए खुद ही बदमाश बनकर पिता से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। दूसरी ओर नागेंद्र के पिता का कहना है कि पुलिस ने पीट-पीटकर झूठे बयानों पर हस्ताक्षर कर बेटे को ही आरोपित बना दिया है।
नागेंद्र पर अपहरण का केस दर्ज
पोरसा थानो में अनिरूद्ध के पुरा निवासी नागेंद्र पुत्र शिवराज माहौर के अपहरण का केस दर्ज किया था। इसमें कहा गया था कि बुधवार शाम जब नागेंद्र जिम गया था तब बदमाशों ने अगवा कर लिया। एसपी अनुराग सुजानिया ने शुक्रवार को बताया कि नागेंद्र के दोस्तों ने गोवा घूमने का प्लान बनाया था, उसे तीन लाख रुपये चाहिए थे। पैसों के लिए नागेंद्र ने खुद का अपहरण की कहानी रखी।
मोबाइल लोकेशन के जरिये पुलिस को नागेंद्र की लोकेशन मिली
बुधवार को नागेंद्र जिम नहीं गया था उसने बाइक दुर्गादास की गढ़ी के पास बाजरे के खेत में पटकी और किसी बाइकसवार से लिफ्ट लेकर पोरसा आ गया जहां से भिंड के अटेर पहुंचा। अटेर से ही गुरूवार सुबह 4.30 बजे पिता को फोन किया और 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी। मुखबिर तंत्र और मोबाइल लोकेशन के जरिये पुलिस को नागेंद्र की लोकेशन मिली। पुलिस ने अटेर रोड पर पेट्रोल पंप के पास से उसे पकड़ लिया। पुलिस ने नागेंद्र को खुद के अपहरण का आरोपित मानते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

