मिला है लिथियम का खजाना , जम्मू कश्मीर के रियासी में मिला 59 लाख टन का भंडार, ई बाइक, लैपटॉप और मोबाइल के काम आता है
जम्मू. देश में पहलीबार जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में लिथियम का बड़ा भंडार मिला है। लिथियम के भंडार की यह पहली साइट है। जिसकी भारतीय भू वैज्ञाानिक सर्वेक्षण ने रियासी जिले में पहचान की है। इलेक्ट्रिक व्हीकल और मोबाइल फोन जैसे उपकरणों की बैट्री में उपयोग होने वाले लिथियम को दूसरे देशों से आयात किया जाता है। रियासी जिले में अब इसके भंडार के दोहन से देश की आयात और दूसरे देशों पर निर्भरता कम होगी।
भारतीय भू वैज्ञानिक सर्वेक्षण ने पहली बार जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के सलाल -हैमाना क्षेत्र में 5.9 मिलियन टन के लिथियम अनुमानित संसाधन स्थापित किये हैं। लिथियम एक अलौह धातु है जो मोबाइल फोन, लैपटॉप, डिजीटल कैमरा और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिये री-चार्जेबल बैट्री में इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा इसका उपयोग खिलौनों और घडि़यों के लिये भी किया जाता है। इस समय भारत लिथियम के लिये पूरी तरह दूसरे देशों पर निर्भर है।
मइंस सेक्रेटरी विवेक भारद्वाज ने बताया है कि देश में पहली बार जम्मू-कश्मीर के रियासी में लिथियम के भंडार की खोज की गयी है। उन्होंने कहा है कि चाहे मोबाइल फोन या सोलर पैनल, महत्वपूर्ण खनिजों की हर जगह आवश्यकता होती है। आत्मनिर्भर बनने के लिये देश के लिये महत्वपूर्ण खनिजों का पता लगाना और उन्हें संसाधित करना बहुत महत्वपूर्ण है।

