महिलाओं व स्कूली बच्चों की सुरक्षा – तैयार कराए गये ^^MY TRAFFIC MY SAFETY** एप का गृहमंत्री ने किया शुभारंभ
ट्रैफिक सिक्योरिटी एप लांच करने वाला ग्वालियर प्रदेश का पहला जिला
ग्वालियर। पुलिस द्वारा ऑटो, टैक्सी, विक्रम आदि में सफर करने वाली महिलाओं व बच्चियों एवं अन्य यात्रियों की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए ‘‘बेहतर ट्रैफिक-बेहतर ग्वालियर’’ अभियान के तहत^^MY TRAFFIC MY SAFETY** एप बनवाया गया है।पुलिस नियंत्रण कक्ष ग्वालियर में 25 जुलाई की रात को आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने उक्त एप का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होने कहा कि यह ग्वालियर पुलिस की बहुत अच्छी पहल है तथा इस एप से महिलाओं में आत्म विश्वास जागृत होगा एवं इस एप के सफल होने पर इसे संपूर्ण प्रदेश में लागू करने पर विचार किया जाएगा। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा ऑटो रिक्शा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर एसपी अमित सांघी, एएसपी हितिका वासल के साथ ग्वालियर पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहें।
सवारी वाहनों में होने वाली आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिये ट्रैफिक सिक्योरिटी एप को इन्दौर के प्रफुल जोशी द्वारा बनाया गया है। एएसपी यातायात हितिका वासल के मार्गदर्शन में बनवाये गये इस एप ^^MY TRAFFIC MY SAFETY** का मुख्य उद्देश्य महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा को शत प्रतिशत सुनिष्चित करना है। इस एप के माध्यम से सवारी वाहनों में स्कूली छात्राओं व महिलाओं व अन्य यात्रियों के साथ होने वाली घटनाओं में संलिप्त अपराधी को पकड़ना आसान हो जायेगा। शहर में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राऐं व बच्चों को लाने ले जाने में ऑटो, टैक्सी आदि सवारी वाहनों का उपयोग किया जाता है। इस एप से पालकों तथा स्कूल संचालकों को भी मदद मिलेगी। स्कूल संचालक व अभिभावक आसानी से ऑटो व टैक्सी की लोकेशन ट्रेस कर सकते है। ^^MY TRAFFIC MY SAFETY** एप को आमजनता गूगल प्लेस्टोर से सीधे अपने मोबाइल में इंस्टाल कर सकती है एप को डाउनलोड करने के उपरांत उपयोगकर्ता को ओटीपी के द्वारा अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड कराना होगा। इस एप को आप ऑटो, टैक्सी, विक्रम, बस आदि पर लगें स्टीकर क्यूआर कोड से भी डाउनलोड कर सकते है। एप को इंस्टाल करने के उपरांत ऑटो, टैक्सी, विक्रम, बस आदि सवारी वाहनों में यात्रा करते समय उक्त वाहन का रजिस्ट्रेषन नंबर एप में डालते ही आपकी वर्तमान लोकेशन, वाहन व वाहन चालक की पूरी जानकारी के आप अपने व्हाट्सएप के जरिये अपने परिवारजनों को भेज सकते है। यात्रा के दौरान सवारी अपनी पूरी यात्रा को जियो मैप के जरिये ट्रेक भी कर सकेगी। ग्वालियर यातायात पुलिस उक्त एप मे रजिस्टर्ड वाहनों पर क्यूआर कोड वाले स्टीकर लगायेगी जिसमें वाहन चालक व वाहन से संबंधित संपूर्ण जानकारी होगी।

