Latestराजनीतिराज्य

मप्र में निगम-मंडलों में नियुक्तियां जल्द, इमरती-कंषाना को एडजस्ट करने पर सहमति बनी

भोपाल. मध्य प्रदेश में निगम-मंडलों में जल्द ही नियुक्तियों के संकेत मिले है, सीएम शिवराज सिंह ने शुक्रवार को भाजपा दफ्तर पहुंचकर पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश से मुलाकात की। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का दावा है कि करीब आधे घंटे चली बैठक में निगम-मंडलों में नियुक्तियों के साथ 3 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव को लेकर बात हुई है।
भाजपा कार्यालय के अनुसार राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश गुरूवार रात भोपाल पहुंचे। शुक्रवार सुबह उनसे प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत और सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने मुलाकात की इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने शिवप्रकाश से भाजपा दफ्तर पहुंचकर बातचीत की। इस बारे में जब सीएम से पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी शिवप्रकाश से भेंट की है।
पार्टी के जानकारों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 21 जुलाई को देर शाम सीएम हाउस पर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन मंत्री सुहास भगत के साथ बैठक की थी। जानकारों की मानें तो बैठक में उपचुनाव के साथ-साथ निगम मंडल में जल्द नियुक्तियां करने पर भी रजामंदी बनी है। माना जा रहा है कि बैठक में ओबीसी और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के नेताओं की सत्ता और संगठन में सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा की गई साथ ही सिंधिया समर्थक नेताओं को निगम मंडल और आयोगों में फिर करने पर भी चर्चा हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री सिंधिया के समर्थक 4 नेताओं को निगम-मंडल में जगह दिए जाने पर सीएम ने सहमति दे दी है। माना जा रहा है कि इमरती देवी, ऐदल सिंह कंषाना, मुन्नालाल गोयल व गिर्राज दंडोतियां का पुनर्वास हो जाएगा, उन्हें निगम-मंडल में अध्यक्ष बनाया जा सकता है। बता दें कि पिछले भोपाल प्रवास के दौरान सिंधिया की शिवराज और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ हुई बैठक में इन चार नामों को लेकर चर्चा हुई थी इनके अलावा सिंधिया के समर्थक रणवीर जाटव, पंकज चतुर्वेदी, रक्षा संतराम सिरोलिया और जसपाल सिंह को राजनीतिक पद मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *