मप्र के डेढ़ लाख से अधिक शिक्षकों को 7वें वेतनमान का एरियर 5 समान किस्तों में मिलेगा
भोपाल. अध्यापक से शैक्षणिक संवर्ग (प्राथमिक शिक्षक, माध्यमिक शिक्षक और उच्च माध्यमिक शिक्षा) में आए स्कूल शिक्षा विभाग के 1.80 लाख शिक्षकों को सातवें वेतनमान का एरियर 5 समान किस्तों में मिलेगा। लोक शिक्षण संचालनालय ने यह आदेश जारी कर दिए है। एरियर की पहली किस्त वर्तमान वित्तीय वर्ष में मिलेगी जबकि अन्य 4 किस्तें आने वाले वित्तीय वर्षों में लगातार मिलेंगी। जुलाई 2018 से शैक्षणिक संवर्ग में आए इन कर्मचारियों को अक्टूबर 2019 से सातवें वेतनमान का लाभ दिया गया है इस तरह उनका 14 माह का एरियर रूका हुआ है।
शिक्षकों को 90 हजार से 1.45 लाख रुपये का लाभ
सातवें वेतनमान की एरियर राशि मिलने से शिक्षकों को 90 हजार से 1.45 लाख रुपये तक का लाभ होगा हालांकि यह राशि पांच साल में उनके बैंक खातों में पहुंचेगी। सरकार ने इसी वित्तीय वर्ष में पहली किस्त देने का आदेश जारी किया है पर राशि सालभर में कब देंगे यह स्पष्ट नहीं है।
स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी आहरण संवितरण अधिकारी (डीडीओ) से कहा है कि सातवें वेतनमान की एरियर राशि का निर्धारण करने से पहले जिला पंचायत से छठवें वेतनमान की मंजूरी ले लें। सरकार ने वर्ष 2018 में 2.37 लाख अध्यापकों को शैक्षणिक संवर्ग में शामिल किया है पर एरियर का लाभ अभी स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षकों को मिलेगा। शेष 57 हजार शिक्षकों के लिए जनजाति कार्य विभाग अलग से आदेश जारी करेगा। ये शिक्षक जनजाति कार्य विभाग के अधीन आदिवासी बहुल क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे है।

