भाजपा प्रदेश सरकार की वर्षगांठ को पूरे प्रदेश में मनाएगी-चौधरी
ग्वालियर -2003 के पहले का मध्यप्रदेश कैसा था, यह सभी को पता है। इसके बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार आई और उस सरकार ने एक बीमारू राज्य को विकसित बनाया। लेकिन बीच में फिर 15 महीने के लिए प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी। उस सरकार ने गरीबों के हक और अधिकार छीन लिए। प्रदेश को वापस दुरावस्था की ओर ले गई। तभी एक घटना घटी और प्रदेश में फिर से मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी। भाजपा की सरकार ने गरीबों के अधिकार लौटाए और प्रदेश को खुशहाली तथा विकास के रास्ते पर लाई। 23 मार्च को भाजपा की प्रदेश सरकार अपने चौथे कार्यकाल के 3 साल पूरे कर रही है और हमारे लिए गर्व की बात है कि उस सरकार ने बीते तीन सालों में बेमिसाल काम किया है। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश सरकार की इस वर्षगांठ को पूरे प्रदेश में मनाएगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अभय चौधरी ने बुधवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।
हर मुसीबत में किसानों के साथ है शिवराज सरकार
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है। सरकार ने घोषणा की है कि हाल ही की आंधी-बारिश में जिन किसानों की फसलों का 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है, उन्हें फसल बीमा के अलावा प्रति हेक्टेयर 32 हजार रुपये दिये जाएंगे। साथ ही पशुहानि और मकानों को हुए नुकसान की भी क्षतिपूर्ति की जाएगी। प्रभावित किसानों की बेटियों की शादी मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत कराई जाएगी। कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने कर्जमाफी के नाम पर जो धोखाधड़ी की थी, उसके कारण कई किसान डिफाल्टर हो गए हैं। शिवराज सरकार ने इन डिफाल्टर किसानों को नॉन डिफाल्टर बनाने के लिए 2500 करोड़ का प्रावधान इस बजट में किया है।
कई उपलब्धियां भाजपा सरकार के नाम
प्रदेश की शिवराज सरकार ने बीते तीन सालों में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। जी-20 बैठकों के सफल आयोजन से मध्यप्रदेश का नाम विश्व पटल पर अंकित हो गया है। पालपुर-कूनो अभ्यारण्य में नामीबिया तथा दक्षिण अफ्रीका से चीते लाए गए हैं और मध्यप्रदेश घड़ियाल, लेपर्ड, टाइगर तथा गिद्ध के बाद अब चीता स्टेट भी बन गया है। मध्यप्रदेश में खेलो इंडिया गेम्स का आयोजन किया गया, जिसमें 39 स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा है।यह भाजपा सरकार के प्रयासों का ही परिणाम है कि देश की जीडीपी में मध्यप्रदेश का योगदान 3.6 से बढ़कर 4.8 प्रतिशत हो गया है, वहीं प्रदेश की आर्थिक विकास दर 19.74 प्रतिशत पर पहुंच गई है, जो देश में सर्वाधिक है। इस अवसर पर अरुण कुलश्रेष्ठ, जिला महामंत्री विनोद शर्मा, राजू सेंगर, विनय जैन, प्रमोद खंडेलवाल, धर्मेंद्र राणा उपस्थित रहे।

