बुढ़वा मंगल पर दंदरौआ धाम में उमड़ा आस्था का जनसैला, 3 लाख श्रद्धालुओं ने किये दर्शन

भिण्ड. बुढ़वा मंगल पर्व पर श्रद्धा और विश्वास का सैलाब उमड़ पड़ा है। सबसे अधिक भीड़ भिण्ड के दंदरौआ धाम स्थित डॉक्टर हनुमान पर है। इसके अलावा कांक्क्षी सरकार, रावतपुर हनुमान मंदिर पर भी श्रद्धालुओं का मेला लगा है। इन मंदिरों पर सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं के आने सिलसिला शुरू हो गया है। इन मंदिरों पर सुबह हनुमान जी का रूद्राभिषेक हुआ। इसके बाद मंगला आरती हुई हे। रामनाम कीर्तन, हवन-पूजन किया जा रहा है। सुन्दरकाण्ड, अखंड रामचरित मानस पाठ कराये जा रहे है।
दंदरौआ धाम मेले में उमड़ा जनसैलाब
भिण्ड जिले के मौ कस्बे के अंतर्गत आने वाले दंदरौआ धाम के सखी हनुमान को लोग डॉक्टर हनुमान के नाम से पूजते हैं। मंगलवार को 1 लाख से अधिक लोग दर्शन कर चुके है। रात 12 बजे श्रृंगार के साथ ही दर्शन का सिलसिला शुरू हो चुका था। व्यवस्था न बिगड़े इसे देखते हुए यात्री बसें 3 किमी तक दूर खड़ी कराई जा रही है।
मंदिरों पर धार्मिक अनुष्ठान चल रहे
भिंड जिले के लहार क्षेत्र कांक्क्षी, रावतपुरा में भी मेला लगा है। यह मंदिर भी लोगों की आस्था के केंद्र हैं। इसके अलावा जिले के हर छोटे बड़े मंदिर श्रद्धालुओं की भीड़ है। हर छोटे बड़े मंदिरों पर पूजा अर्चना का सिलसिला चल रहा हैं। हवन पूजन चल रहे हैं। भंडारे आयोजित कराए जा रहे हैं।
सुरक्षा में पुलिस बल तैनात
मंदिर पर आज पूजा अर्चना व हनुमान जी के दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पांच लाख से अधिक होने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मंदिर पर प्रवेश व निकासी को लेकर अलग अलग गेट बनाए गए हैं। मंदिर पर पांच सौ से अधिक पुलिस जवान, नगर रक्षा समिति के सदस्य, राजस्व विभाग के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। यहां मंदिर पर लगने वाले मेले की जिम्मेदारी प्रशासन कर्मचारियों को सौंपी गई है।

