Latestराज्यराष्ट्रीय

बर्खास्त पुलिसवाले ने किया लुधियाना कोर्ट में ब्लास्ट

लुधियाना. पंजाब के लुधियाना कोर्ट में गुरुवार दोपहर हुए बम ब्लास्ट में मारे गए व्यक्ति की पहचान गगनदीप सिंह (30) के रूप में हुई है। गगनदीप सिंह पंजाब पुलिस का ही मुलाजिम था जिसे 2 साल पहले महकमे से बर्खास्त कर दिया गया था। लुधियाना जिले के खन्ना सदर थाने में मुंशी रहते हुए गगनदीप सिंह को अगस्त-2019 में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। ड्रग माफिया से लिंक के कारण उसे पंजाब पुलिस से बर्खास्त कर दिया गया। ड्रग केस में गगनदीप सिंह 2 साल जेल में रहा और वह 8 सितंबर 2021 को ही जेल से रिहा हुआ था।

केंद्रीय जांच एजेंसी ने ब्लास्ट वाली जगह मिले डोंगल के मोबाइल सिम नंबर से उसकी पहचान की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गगनदीप सिंह खन्ना के जीटीबी नगर का रहने वाला था। उसके पिता का नाम अमरजीत सिंह है। पंजाब पुलिस ने गगनदीप सिंह को 85 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा था। वह एक महिला के साथ मिलकर ड्रग तस्करी करता था। उसके खिलाफ 11 अगस्त 2019 को मोहाली के फेज-4 स्थित एसटीएफ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

गगनदीप के परिवार ने बॉडी की शिनाख्त की
शुक्रवार देर शाम को एनआईए और पंजाब पुलिस की जॉइंट टीम ने खन्ना में गगनदीप सिंह के घर रेड की। परिवार ने गगनदीप सिंह की बॉडी की शिनाख्त कर ली। मरने वाले की बाजू पर बने खंडे के टैटू के आधार पर उसके गगनदीप सिंह होने की बात कही गई। पुलिस को गगनदीप सिंह की जेब से डोंगल के अलावा 500 रुपए भी मिले मगर उसके पास कोई पर्स नहीं था। ब्लास्ट के समय गगनदीप सिंह ने टीशर्ट पहन रखी थी।

गगनदीप सिंह के साथियों की तलाश
वर्ष 2019 में ड्रग केस में गिरफ्तार होने के बाद पंजाब पुलिस से बर्खास्त किए गए गगनदीप सिंह के साथ उस समय कुछ और लोग भी थे। गुरुवार को बम लगाते समय हुए ब्लास्ट में गगनदीप सिंह की मौत के बाद पंजाब पुलिस अब उसे बाकी साथियों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। पंजाब पुलिस को शक है कि इनमें से कोई इस ब्लास्ट में भी शामिल हो सकता है। गगनदीप छोटे कद का पहलवान टाइप का शख्स था। उसने अपने हाथ पर खंडे (सिख धर्म का प्रतीक चिह्न) का टैटू बनवा रखा था। उसके खिलाफ 11 अगस्त 2019 को U/S 21, 29-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस स्टेशन एसटीएफ मोहाली फेज 4 में एफआईआर नंबर 75 दर्ज हुई थी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

hacklink satın al padişahbet padişahbet giriş